दक्षिणी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में मंगलवार सुबह एक रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल पर भीषण आग लगने से महिला और दो बच्चियों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। फायर अधिकारियों के मुताबिक, सुबह करीब 10:20 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग इमारत की तीसरी मंजिल तक ही सीमित थी, जिसे करीब 11 बजे तक काबू में कर लिया गया। हादसे में महिला और दोनों बच्चियों की जान चली गई। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
वहीं, मंगलवार सुबह दिल्ली के हरि नगर इलाके में भी एक रिहायशी इमारत की पार्किंग में भीषण आग लग गई। आग के दौरान दो सिलेंडर फट गए और चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे पहले रविवार को फतेहपुर बेरी थाना क्षेत्र के स्वरूप कॉलोनी में इवेंट मैनेजमेंट का सामान रखने वाले एक गोदाम में भीषण आग लग गई थी। आग पास की एक इमारत तक भी फैल गई थी। मौके पर दमकल की 15 गाड़ियां, दिल्ली पुलिस और कैट्स एंबुलेंस पहुंची थीं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया था। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी।