Breaking News

यूपी चुनाव: सीट शेयरिंग पर बातचीत के बीच सपा की आई लिस्ट, कांग्रेस हुई नाराज     |   सऊदी की राजधानी रियाद पर हूतियों का फिर हमला, 2 भारतीय समेत 11 लोग जख्मी     |   PM नरेंद्र मोदी की जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के साथ फोन पर हुई बातचीत     |   अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA पर बड़ा साइबर अटैक     |   तुर्की में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में 5 सैनिकों की मौत     |  

कर्नाटक में गन्ने के खेतों में लगी भीषण आग, 28 एकड़ फसल जलकर राख, किसानों को 1 करोड़ का नुकसान

कर्नाटक के बेलगावी जिले में मंगलवार देर रात गन्ने के खेतों में आग लग गई। इस हादसे में करीब 28 एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। आग से किसानों को लगभग 1 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।

यह घटना बेलगावी जिले के अथणी तालुका के नाड़ी इंगलगावा गांव में हुई। आग स्थानीय किसानों बसप्पा चन्नन्नवारा, ईरप्पा चन्नन्नवारा, गुरुबासु तेवरमणि, चनागौड़ा रचगौदरा, अप्पासाबा गिरमल्लन्नवारा और रामन्ना गिरमल्लन्नवारा के खेतों में लगी।

तेजी से फैली आग, दमकल ने पाया काबू

खेतों में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते लपटें आसपास के गन्ने के खेतों तक फैल गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक बड़ी मात्रा में गन्ने की फसल जल चुकी थी।

कटाई से पहले बर्बाद हुई किसानों की मेहनत

आग लगने से प्रभावित किसान काफी परेशान हैं। उन्होंने करीब एक साल तक मेहनत और पैसे लगाकर गन्ने की फसल तैयार की थी। फसल कटाई के करीब पहुंच चुकी थी, लेकिन आग ने उनकी पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।

किसानों ने सरकार और संबंधित विभागों से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा और राहत देने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।