Breaking News

मिडिल ईस्ट पर सर्वदलीय बैठक खत्म, विपक्ष से सरकार ने कहा- कंट्रोल में हैं हालात     |   चांदी 11,250 रुपये प्रति किलोग्राम और सोना 4,900 रुपये उछला     |   नोएडा: सेक्टर 16 मेट्रो ट्रैक पर कूदी युवती, हुई गंभीर रूप से घायल     |   इजरायल ने ईरान के पनडुब्बियां बनाने वाले एकमात्र ठिकाने पर बड़ा हमला किया     |   रामनवमी पर योगी सरकार का फैसला, 26 के साथ अब 27 मार्च को भी रहेगा अवकाश     |  

इंदौर में बेकरी में भीषण आग, LPG सिलेंडर फटे; 2.5 घंटे में पाया काबू

मध्य प्रदेश के इंदौर में बुधवार को एक बेकरी स्टोर में भीषण आग लग गई, जिससे अंदर रखे कई एलपीजी सिलेंडर फट गए। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। फायर ब्रिगेड के सब-इंस्पेक्टर चरण सिंह राजपूत ने बताया कि सुबह करीब 9 से 9:30 बजे के बीच आग लगी। आग पर काबू पाने के लिए 10-12 पानी के टैंकर तैनात किए गए और करीब 2 से 2.5 घंटे में आग पर नियंत्रण पाया गया। उन्होंने बताया कि बेकरी के अंदर करीब 40 गैस सिलेंडर रखे थे, जिनमें से 8-10 सिलेंडर विस्फोट में फट गए। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जिससे प्लास्टिक सामग्री में आग लगी और धीरे-धीरे पूरे स्टोर में फैल गई। यह बेकरी मुख्य रूप से ब्रेड और रस्क का निर्माण करती थी। प्रशासन ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इंदौर जिले में हाल के दिनों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। इससे पहले सोमवार को चोइथराम अस्पताल के पास एक गैराज में आग लगने से कई वाहन और आसपास की दुकानें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। वहीं रविवार को सांवेर रोड स्थित बाणगंगा क्षेत्र में एक कबाड़ गोदाम में भी भीषण आग लगी थी, जिसमें कई फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया।

फायर ब्रिगेड के सब-इंस्पेक्टर शिवनारायण शर्मा ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही आसपास के स्टेशनों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। वहां मजदूरों के आवास भी पास में थे, इसलिए पहले सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उनके घरों से गैस सिलेंडर हटाए गए, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया।