Breaking News

G20 को बाजारों को राजनीति से मुक्त करने की दिशा में काम करना चाहिए: जयशंकर     |   आंध्र प्रदेश नगर निकाय चुनाव, कडप्पा में आज होगा मतदान     |   रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की महारैली आज     |   जापान में भूकंप के तेज झटके; दर्ज की गई 6.0 की तीव्रता     |   दिल्ली में INDIA गठबंधन रैली से पहले रामलीला मैदान के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम     |  

MP: युवक ने अपने अपहरण की कहानी गढ़ी, पिता से एक लाख रुपये की फिरौती मांगी

मध्य प्रदेश के इंदौर में कर्ज चुकाने के लिए खुद के अपहरण की झूठी कहानी गढ़कर अपने पिता से एक लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप में पुलिस ने बुधवार को 24 वर्षीय एक युवक और उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार किया। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) देवेंद्र सिंह धुर्वे ने संवाददाताओं को बताया कि भंवरकुआं थाना क्षेत्र में रहने वाले सतीश गुप्ता और उसके दो दोस्तों-आरुष अरोड़ा और तेजवीर सिंह संधू को गिरफ्तार किया गया है। 

धुर्वे के मुताबिक, सतीश ने अपने दोस्तों के जरिये पिता श्रीराम गुप्ता को मंगलवार को फोन कराया कि उसे अगवा कर लिया गया है और उसकी सकुशल रिहाई के बदले उन्हें एक लाख रुपये की फिरौती चुकानी होगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मिले सुरागों के आधार पर सतीश के दोनों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो खुलासा हुआ कि खुद सतीश ने अपने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी थी। 

धुर्वे के अनुसार, "सतीश पर अपने महंगे शौकों के कारण काफी कर्ज हो गया है। उसका कहना है कि उसने कर्ज उतारने के लिए अपने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी। उसके बारे में पता चला है कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की सट्टेबाजी में भी शामिल रहा है।" उन्होंने कहा कि फर्जी अपहरण कांड की विस्तृत जांच की जा रही है।