मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के चौरी-चौरा में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा ने अपनी चार सरकारों में प्रदेश में 1500 दंगे करवाए और 10 लाख गुंडों को पाला, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने पिछले 10 वर्षों में 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय बदमाश गरीबों की जमीनों पर कब्जा करते थे और बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए थे। भाजपा सरकार ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई कर प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत की है।
मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा में 287 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने गोड़धोइया नाला परियोजना के 495 करोड़ रुपये के पहले चरण का लोकार्पण किया और 880 करोड़ रुपये के दूसरे चरण के साथ गोरखपुर सीवरेज योजना के जोन-ए और प्रस्तावित सर्विस रोड की आधारशिला रखी।
अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और 55 करोड़ लोगों को जनधन खातों व आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और बिचौलियों का खेल खत्म होने से परेशान कुछ तत्व देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी के शताब्दी वर्ष की ओर बढ़ते समय नक्सलवाद, आतंकवाद, अलगाववाद और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी। जनता को भी ऐसे लोगों के दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए आगे आना चाहिए।
सपा के शासन में बेटियां असुरक्षित थीं: सीएम योगी
सपा सरकार पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं और त्योहारों से पहले उपद्रव शुरू हो जाते थे। कई इलाकों में महीनों तक कर्फ्यू लगा रहता था। उन्होंने कहा कि सपा का मतलब बदमाशों को बढ़ावा देना था, जबकि भाजपा का मतलब विकास और बदलाव है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट और वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया है। पहले की सरकारों में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया की स्थिति थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश विकास और उत्सव की पहचान बना रहा है।
किसानों के नुकसान की पूरी भरपाई करेगी सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, चक्रवात और असमय बारिश से फसलों को हुए नुकसान पर किसानों को राहत देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार किसानों के नुकसान की पूरी भरपाई करेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले दिए गए मुआवजे को पर्याप्त नहीं माना गया है। इसलिए सभी जिलाधिकारियों को तत्काल सर्वे कर प्रभावित किसानों को राहत देने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार जल्द ही किसानों के लिए नया आर्थिक पैकेज भी लाएगी, ताकि नुकसान की भरपाई की जा सके।
चौरी-चौरा के क्रांतिकारियों की पैरवी मालवीय जी ने की थी
चौरी-चौरा के शहीदों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 4 फरवरी 1922 की घटना के बाद अंग्रेजों ने 172 किसानों, श्रमिकों और व्यापारियों को फांसी की सजा सुनाई थी। उस समय पंडित मदन मोहन मालवीय ने क्रांतिकारियों की पैरवी की और 151 देशभक्तों को फांसी से बचाया था। उन्होंने कहा कि इस मामले में जवाहरलाल नेहरू पैरवी करने नहीं आए थे।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महामना मदन मोहन मालवीय को भारत रत्न दिए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने अमर शहीद बाबू बंधु सिंह के बलिदान और मां तरकुलहा देवी की महिमा को याद किया।
शहीद स्मारक ओवरब्रिज से लोगों को मिलेगी जाम से राहत
मुख्यमंत्री ने भोपा बाजार रेलवे क्रॉसिंग पर बने नए रेलवे ओवरब्रिज का नाम शहीद स्मारक ओवरब्रिज रखने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले यहां लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता था, लेकिन दो रेलवे ओवरब्रिज बनने से आवागमन आसान होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाजार में सड़क निर्माण के दौरान किसी भी व्यापारी की दुकान न तोड़ी जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय के लिए जमीन मिलने पर बजट देने की भी घोषणा की। प्रस्तावित कार्यालय में सीसीटीवी निगरानी, डिजिटल लाइब्रेरी और प्रमाणपत्रों से जुड़ी सुविधाएं एक ही जगह उपलब्ध होंगी।
जनप्रतिनिधियों ने गिनाईं विकास कार्यों की उपलब्धियां
केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि रेलवे ओवरब्रिज बनने से करीब 30 हजार लोगों का आवागमन आसान होगा। उन्होंने विपक्ष पर विकास कार्यों में बाधा डालने और उपद्रव फैलाने का आरोप लगाया।
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश से राजनीतिक लुटेरों को बाहर करने का काम किया है। उन्होंने मछुआरा समाज के लिए केंद्र सरकार की योजनाओं और गोरखपुर में प्रस्तावित वर्ल्ड फिशरीज सेंटर का भी उल्लेख किया।
चौरी-चौरा के विधायक श्रवण कुमार निषाद ने क्षेत्र में साढ़े चार साल में 504 सड़कों के निर्माण और फायर स्टेशन की सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और कृषि यंत्रों की चाबी सौंपी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और कृषि यंत्रों की चाबी दी। ब्रह्मपुर के मठिया गांव निवासी रामबचन को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए चाबी और प्रमाणपत्र दिया गया। भैंसही के किसान अशोक सिंह और सरैया के राजमंगल को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। राजमंगल को सुपर सीडर यंत्र का प्रमाणपत्र मिला।
मुख्यमंत्री आवास योजना की लाभार्थी शीला देवी, उषा देवी, गुंजा देवी और सुनीता देवी को भी प्रमाणपत्र दिए गए। इसके अलावा प्रगतिशील किसानों रामप्रीत मौर्य, देवेंद्र प्रताप, रामभजन मौर्य और लालजी को प्रशस्ति पत्र व बीज किट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, राज्यसभा सांसद संगीता यादव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, श्रवण कुमार निषाद सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।