सीबीएसई कक्षा 12 की परीक्षा की कॉपी जांच को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ओडिशा के मयूरभंज जिले की छात्रा अंकिता आचार्य की उत्तरपुस्तिका में दो पन्ने गायब मिलने का दावा किया गया है। इस घटना के बाद सीबीएसई की मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठने लगे हैं। अंकिता को परीक्षा में उम्मीद से कम अंक मिले थे। इसके बाद उसने अपनी फिजिक्स की कॉपी के पुनर्मूल्यांकन (री-इवैल्यूएशन) के लिए आवेदन किया। जब उसे उत्तरपुस्तिका की कॉपी मिली तो उसमें कई गड़बड़ियां दिखाई दीं।
उत्तरपुस्तिका में पेज नंबर 14 और 15 दो बार लगे हुए थे, जबकि पेज नंबर 16 और 17 पूरी तरह गायब थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि इन दोनों पन्नों पर लिखे गए जवाबों की जांच ही नहीं हुई। इसके अलावा पेज 13 पर लिखे गए उत्तरों को भी परीक्षक ने गलत तरीके से दोहराव मान लिया और अंक नहीं दिए। अंकिता के पिता प्रशांत कुमार आचार्य, जो नौसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, ने इस मामले पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि यदि कॉपी की प्रति में दो पन्ने नहीं हैं तो मूल उत्तरपुस्तिका में वे पन्ने कहां हैं और उनकी जांच कैसे होगी। उन्होंने मामले की पूरी जांच की मांग की है।
छात्रा के परिवार और शिक्षकों का कहना है कि ऐसी गलतियां छात्रों के भविष्य पर असर डाल सकती हैं। उन्होंने सीबीएसई से इस मामले में जवाब देने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। इस बीच, सीबीएसई ने कहा है कि उत्तरपुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन के लिए उसका पोस्ट-रिजल्ट पोर्टल 1 जून 2026 से शुरू होगा, ताकि प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।