Breaking News

एशियन गेम्स 2026: भारत की स्टार बॉक्सर लवलीना ने चीन को हराकर जीता गोल्ड     |   एशियन गेम्स 2026: रिकर्व मिक्स्ड तीरंदाजी टीम ने जीता सिल्वर     |   राजघाट पहुंचे PM मोदी, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि     |   अमरावती, महाराष्ट्र: ट्रक और पिकअप की टक्कर में 7 की मौत, 19 घायल     |   दिल्ली से कैंचीधाम जा रही तेज रफ्तार ट्रैवलर बस पलटी, 6 से ज्यादा श्रद्धालु घायल     |  

चंपावत में भारी बारिश से बंद हुआ टनकपुर-पिथौरागढ़ हाईवे, डेढ़ घंटे बाद यातायात बहाल

उत्तराखंड के चंपावत जिले में रविवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। भारी बारिश के चलते टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग अमोड़ी के पास मलबा आने से बंद हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए, जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इस दौरान एक कार भी मलबे में फंस गई। सड़क बंद होने से सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन दोनों ओर रुक गए और यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। हालांकि लगातार हो रही तेज बारिश के कारण राहत और सफाई कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी ने बताया कि मशीनों और कर्मचारियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सड़क पर जमा मलबा हटाया गया। करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद राजमार्ग को पूरी तरह साफ कर यातायात बहाल कर दिया गया। प्रशासन ने यात्रियों से बारिश के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जिसके चलते प्रशासन लगातार संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए है।