Breaking News

लोकसभा में किरेन रिजिजू की टिप्पणी पर महुआ मोइत्रा ने आईपीयू को लिखा पत्र

तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पर लोकसभा में उन्हें धमकाने का आरोप लगाया। महुआ ने कहा कि उन्होंने इस बारे में अंतर-संसदीय संघ (इंटर पार्लियामेंट्री यूनियन) को पत्र लिखा है।

मोइत्रा ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "तो किरेन रिजिजू ने संसदीय नियमों और प्रक्रिया का पूरी तरह उल्लंघन करते हुए आज लोकसभा में मुझे खुलेआम धमकाया।" उन्होंने कहा कि स्पीकर ओम बिरला ने कहा, "वो रिजिजू के शब्दों को हटवा देंगे, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।"

उन्होंने कहा, "इस निरंतर लैंगिक उत्पीड़न और धमकी के खिलाफ अंतर-संसदीय संघ को फिर से पत्र लिखा है।" मोइत्रा की ओर से न्यायाधीश बी. एच. लोया की "अपने समय से बहुत पहले" मृत्यु का उल्लेख किए जाने पर शुक्रवार को लोकसभा में हंगामा हुआ, क्योंकि रिजिजू ने उन पर सर्वोच्च न्यायालय की ओर से सुलझाए गए मामले को उठाने का आरोप लगाया और उन्हें "उचित संसदीय कार्रवाई" की चेतावनी दी।