मध्यप्रदेश के गुना शहर में हनुमान जयंती के जुलूस के दौरान पथराव किए जाने के मामले में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को ये जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि ये घटना कर्नलगंज इलाके में एक मस्जिद के पास शनिवार शाम करीब सात बजकर 45 मिनट पर हुई जब दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद अधिकारी स्थिति को कंट्रोल में लाने के लिए मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है। एएसपी मान सिंह ठाकुर ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, ‘‘पथराव में संलिप्त लोगों में से आठ-नौ लोगों को हिरासत में लिया गया है। घटना के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोप तय किए जाएंगे। मामले में और लोगों की पहचान की जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है और उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना उस समय हुई जब जुलूस एक मस्जिद के सामने से गुजर रहा था। गुना के डीएम किशोर कन्याल ने बताया कि कुछ संवाद की कमी हुई जिसके कारण दोनों समूह आमने-सामने आ गए और फिर पथराव की स्थिति बन गई।
उन्होंने कहा कि उस क्षेत्र में जुलूस निकालने की अनुमति नहीं थी।Bहालांकि, आयोजकों में से एक रंजीत खटीक ने कहा, ‘‘प्रशासन कह रहा है कि कोई अनुमति नहीं थी लेकिन मेरे पास अनुमति के सभी सबूत हैं।’’B उन्होंने दावा किया कि जब कुछ लड़कों ने ‘जय श्री राम’ के जयनारे लगाए तो पथराव किया गया जबकि दूसरा समूह इसके जवाब में ‘अल्लाहू अकबर’ कहने लगा।
एसपी संजीव सिन्हा ने बताया कि जुलूस पर पथराव की सूचना शनिवार शाम करीब सात बजकर 45 मिनट पर मिली जब दो समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए। उन्होंने बताया कि टेकरी धाम में तैनात पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया था।
अधिकारी ने बताया कि एक स्थानीय पार्षद की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है, जिसमें चार-पांच लोगों को नामजद किया गया है जबकि 15-20 अन्य अज्ञात हैं।
उन्होंने बताया कि पड़ोसी जिलों से सुरक्षा बलों को यहां तैनात किया गया है। ठाकुर ने कहा कि तीन जिलों से पुलिसकर्मी पहुंचे हैं और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया। कन्याल ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है।