मानसून सत्र से पहले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की आज शुक्रवार को अहम बैठक होने जा रही है। यह बैठक राजनाथ सिंह के आवास पर होगी। राजनाथ सिंह ही इस पार्लियामेंट्री स्ट्रेटेजी मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे। यह मीटिंग आने वाले मानसून सेशन 2026 के लिए सरकार के एजेंडा को फाइनल करने के लिए होगी। बता दें कि मानसून सत्र की शुरुआत 20 जुलाई से होगी। यह सत्र 13 अगस्त तक चलेगा। वहीं, सरका ने 19 जुलाई को ऑल पार्टी मीटिंग भी बुलाई है।
वहीं मोदी सरकार मानसून सत्र के दौरान पांच नए बिल पेश करने की तैयारी में है। इनमें आयकर कानून, सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) से जुड़े अहम संशोधन शामिल हैं। इनमें से आयकर (संशोधन) विधेयक, 2026 और सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026 अध्यादेशों की जगह लाने के लिए पेश किए जाएंगे।
इसके अलावा, सरकार दो पहले से लंबित विधेयकों को भी आगे बढ़ाएगी। इनमें विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 शामिल है, जिसे 25 मार्च 2026 को लोकसभा में पेश किया गया था। दूसरा विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, 2025 है, जिसे 15 दिसंबर 2025 को लोकसभा में पेश करने के बाद संयुक्त संसदीय समिति (JPC) को भेज दिया गया था।