न्यायालय के आदेश पर रायचूर जिला प्रशासन ने वक्फ बोर्ड की तीन एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटाते हुए वहां बने मकान, दुकानें और दूसरी इमारतों को गिरा दिया।
वक्फ रायचूर डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट फरीद खान के अनुसार, ये जमीन अश्मिया मस्जिद के पास स्थित है और वक्फ बोर्ड के मालिकाना हक वाली है, जिस पर अवैध कब्जा कर निर्माण किए गए थे।प्रशासन की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।फरीद खान ने बताया कि 1989 में न्यायालय ने लोगों को जमीन खाली करने का आदेश दिया था, लेकिन स्थगन आदेश के चलते कब्जा बना रहा।
हाल ही में गुलबर्गा (कलबुर्गी) जिला न्यायालय ने 15 दिन में जमीन खाली करने का निर्देश दिया था। कार्रवाई के दौरान स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया और घरों को तोड़े जाने की निंदा की। पुलिस के साथ बहस के चलते कुछ महिला प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया।