Breaking News

टीएमसी ने दो विधायकों ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को पार्टी से निष्कासित किया     |   बंगाल की पूर्व CM ममता बनर्जी शाम 4:30 बजे फेसबुक के जरिए जनता को संबोधित करेंगी     |   ट्विशा केस: आरोपी पति समर्थ सिंह ने सीबीआई को उस रात के घटनाक्रम की जानकारी दी     |   सूर्या चौहान मर्डर केस: असद के घर पर चलेगा बुलडोजर, अथॉरिटी ने चस्पा किया नोटिस     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने जय कुमार को राजस्थान का संगठन सचिव नियुक्त किया     |  

JEE Advanced 2026 का परिणाम घोषित, शुभम कुमार बने ऑल इंडिया टॉपर

JEE Advanced 2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इस वर्ष आईआईटी दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल की है। शुभम ने कुल 360 में से 330 अंक प्राप्त कर परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, आईआईटी दिल्ली जोन की आरोही देशपांडे महिला वर्ग में सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाली उम्मीदवार रहीं। उन्होंने 360 में से 280 अंक हासिल किए और कॉमन रैंक लिस्ट (CRL) में 77वीं रैंक प्राप्त की।

कबीर छिल्लर ने 329 अंकों के साथ दूसरा स्थान और जतिन चाहर ने 319 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि शीर्ष तीनों रैंक धारक आईआईटी दिल्ली जोन से हैं, जिससे इस जोन का परीक्षा में दबदबा देखने को मिला। इस वर्ष JEE Advanced 2026 के लिए कुल 1,87,389 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,79,694 अभ्यर्थी 17 मई को आयोजित पेपर-1 और पेपर-2 दोनों में शामिल हुए। परीक्षा में कुल 56,880 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए हैं। इनमें 10,107 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।

आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उन्हें JoSAA 2026 काउंसलिंग और सीट आवंटन प्रक्रिया में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, "मैं JEE Advanced 2026 में सफल हुए सभी उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई देता हूं। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, समर्पण और शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रमाण है। सभी सफल उम्मीदवारों को JoSAA 2026 की काउंसलिंग और सीट आवंटन प्रक्रिया में भाग लेना चाहिए, चाहे उनके कक्षा 12वीं के अंक कुछ भी हों।"

हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अंतिम प्रवेश JEE Advanced 2026 सूचना पुस्तिका में निर्धारित प्रतिशत संबंधी पात्रता और अन्य शर्तों को पूरा करने पर ही निर्भर करेगा। उम्मीदवार अपना परिणाम देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर, जन्मतिथि और पंजीकृत मोबाइल नंबर की सहायता से लॉगिन कर सकते हैं। स्कोरकार्ड में उम्मीदवार का नाम, योग्यता स्थिति, ऑल इंडिया रैंक (AIR), विषयवार अंक, कुल प्राप्तांक, श्रेणीवार रैंक तथा कटऑफ संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध होगी।