मध्यप्रदेश सरकार के क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन में बुधवार को अलग-अलग सेक्टरों से कुल 8,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए। इनमें अडाणी समूह का 3,500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा, रिलायंस राज्य में नवीकरणीय गैस और संपीड़ित बायोगैस परियोजनाओं में निवेश करने की योजना बना रही है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य में इन्वेस्ट, इनोवेशन और पर्यावरण अनुकूल विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार के दृष्टिकोण और पहल को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। साथ ही हम दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं।”
उन्होंने कहा कि इस आयोजन में अलग-अलग सेक्टरों के बड़े उद्योगों से कुल 8,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनसे 35,000 रोजगार के अवसरों का सृजन होगा। प्रदेश में 2,500 से ज्यादा सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) ने 5,000 करोड़ रुपये निवेश करने की मंशा जताई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) अपने ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत चार नए औद्योगिक पार्क खोलेगा।