Breaking News

क्षेत्रीय तेल निर्यात रोकेगा ईरान, IRGC ने अमेरिकी-इजरायली हमलों के बीच दी धमकी     |   इजरायल की लेबनान में बड़ी एयरस्ट्राइक, हिजबुल्ला के फंडिंग नेटवर्क को बनाया निशाना     |   ICC टी20 वर्ल्ड कप विनर टीम इंडिया को मिलेगा 131 करोड़ रुपए ईनाम, BCCI का ऐलान     |   भारत ने पाइपलाइन समझौते के तहत बांग्लादेश को भेजी 5,000 टन डीजल की खेप     |   चंडीगढ़ में IDFC First बैंक में फिर घोटाला, करीब 116.84 करोड़ रुपए का गबन     |  

भारत ने पाइपलाइन समझौते के तहत बांग्लादेश को भेजी 5,000 टन डीजल की खेप

भारत और बांग्लादेश के बीच हुए पाइपलाइन समझौते के तहत डीजल की आपूर्ति शुरू हो गई है. दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में ये द्विपक्षीय समझौता किया गया था. इसके तहत 5,000 टन डीजल की पहली खेप बांग्लादेश पहुंच चुकी है. बांग्लादेश पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (BPC) के चेयरमैन मोहम्मद रेजानुर रहमान ने इस खेप के पहुंचने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया, 'हमारा भारत के साथ एक समझौता है. उस समझौते के मुताबिक, भारत पाइपलाइन के माध्यम से हर साल बांग्लादेश को 1,80,000 टन डीजल की आपूर्ति करेगा. रेजानुर रहमान ने आगे बताया कि भारत से अभी जो 5,000 टन डीजल पहुंचा है, वो इसी वार्षिक समझौते का एक हिस्सा है.

समझौते की शर्तों के मुताबिक, शुरुआती छह महीनों के भीतर बांग्लादेश को कम से कम 90,000 टन डीजल का आयात करना होगा. बीपीसी चेयरमैन ने भविष्य की योजना साझा करते हुए कहा, 'आज पहुंचने वाली खेप 5,000 टन की है. हमें उम्मीद है कि अगले दो महीनों के भीतर, हम पूरे छह महीनों के लिए निर्धारित कुल डीजल की मात्रा को देश में ले आएंगे.

भारत से पाइपलाइन के जरिए होने वाली ये डीजल सप्लाई बांग्लादेश के लिए काफी किफायती और समय बचाने वाली साबित होगी. इससे न सिर्फ परिवहन लागत में कमी आएगी, बल्कि बांग्लादेश के उत्तरी हिस्सों में डीजल की उपलब्धता भी आसान हो जाएगी. ये पाइपलाइन परियोजना भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट' नीति का एक अहम हिस्सा है. ये दिखाता है कि भारत अपने पड़ोसी देशों की बुनियादी जरूरतों और विकास कार्यों में सक्रिय रूप से मदद कर रहा है. भारत ने ये मदद ऐसे समय में की है जब मिडिल ईस्ट वॉर के चलते दुनिया भर में तेल संकट का खतरा गहरा गया है.