हिमाचल प्रदेश में चक्रवात अर्नब और पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। वहीं, राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के अनुकूल मौसम बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, किन्नौर, शिमला और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि शिमला, किन्नौर, सोलन और सिरमौर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
3 नवंबर तक मैदानी इलाकों में साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर से 3 नवंबर तक बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर और ऊना समेत मैदानी और मध्य पहाड़ी जिलों में मौसम ज्यादातर साफ रहने की संभावना है। हालांकि, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कांगड़ा के ऊपरी इलाकों में 2 नवंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट
मौसम में बदलाव के बाद राज्य के कई मौसम केंद्रों पर तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटों में दिन के तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
सोलन में अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 8 डिग्री कम है। तापमान गिरने से राज्य के कई हिस्सों में ठंड बढ़ गई है। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि मैदानी और मध्य पहाड़ी क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह के दौरान तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। निचले और मध्य पहाड़ी इलाकों में मौसम ज्यादातर स्थिर रहेगा, जबकि अगले दो दिनों तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी जारी रह सकती है।