Breaking News

असम: बाल विवाह के खिलाफ एक नवंबर से 30 दिन का स्पेशल क्रैकडाउन     |   ‘वंदे मातरम्’ पर सोनिया गांधी से BJP का सवाल- इतनी नफरत क्यों?     |   गुजरात: 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम भूपेंद्र पटेल ने किए 3 बड़े ऐलान     |   सही दिशा नहीं मिली तो बोझ बन जाएंगे युवा: मोहन भागवत     |   ग्रामीण स्कूलों के सोशल ऑडिट की आज से देशव्यापी शुरुआत     |  

केरल में 17 करोड़ रुपये मूल्य का हाइब्रिड गांजा जब्त, एक गिरफ्तार

Kerala: कोच्चि के पास पेरुंबावूर में एक व्यक्ति से 17 किलोग्राम से अधिक वजन का हाइब्रिड गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 17 करोड़ रुपये बताई जा रही है। अधिकारियों ने गुरुवार को ये जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान आयुष (39) के रूप में हुई है, जो एलामकुन्नपुझा का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि आयुष को बुधवार रात जिला एंटी-नारकोटिक्स स्पेशल एक्शन फोर्स (डीएएनएसएएफ) ने पेरुंबावूर के पास मरम्पिल्ली में उस समय रोक लिया, जब वह स्कूटर से यात्रा कर रहा था।

पुलिस ने वाहन की जांच के दौरान एक प्लास्टिक बैग में छिपाकर रखा गया 1.16 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा बरामद किया। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उसके पेरुंबावूर स्थित किराए के अपार्टमेंट की तलाशी ली, जहां से 16 किलोग्राम से अधिक हाइब्रिड गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही कुल जब्ती 17 किलोग्राम से अधिक हो गई।

पुलिस के अनुसार, आयुष ने यह अपार्टमेंट कुछ सप्ताह पहले ही मादक पदार्थों के भंडारण और वितरण के लिए किराए पर लिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर निगरानी रखी जा रही थी, क्योंकि सूचना मिली थी कि वह अन्य राज्यों से मादक पदार्थ मंगाकर केरल में अधिक कीमत पर उनकी बिक्री कर रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के स्रोत का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोपोनिक तकनीक से उगाया जाने वाला हाइब्रिड गांजा मुख्य रूप से थाईलैंड से तस्करी कर राज्य में लाया जाता है।

पेरुंबावूर पुलिस थाने में स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को रिमांड कार्यवाही के तहत अदालत में पेश किया जाएगा।