उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की।
हेलीकॉप्टर 30 अक्टूबर को बद्रीनाथ के सिविल हेलीपैड से देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के अनुसार, हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:12 बजे उड़ान भरी थी। दो मिनट बाद, 1:14 बजे जोशीमठ के पास रडार से उसका संपर्क टूट गया।
जोशीमठ के पास घाटी की ओर जाता दिखा हेलीकॉप्टर
एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि पास की सेना चौकी के जवानों ने हेलीकॉप्टर को घाटी की ओर जाते देखा था। यह स्थान पांडुकेश्वर के पास भंडाकंड मंदिर से करीब एक किलोमीटर ऊपर बताया गया है।
हेलीकॉप्टर के लापता होने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और सेना के जवानों की दो टीमें तलाशी अभियान के लिए भेजी गई थीं। एक टीम पांडुकेश्वर और दूसरी जोशीमठ की तरफ से रवाना हुई। गोपेश्वर से ड्रोन भी तलाशी अभियान में लगाया गया था।
दिल्ली का था पायलट, कर्नाटक के पांच यात्री थे सवार
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में पायलट हिमांशु सभरवाल सवार थे, जो दिल्ली के रहने वाले थे। उनके साथ कर्नाटक के पांच यात्री भी मौजूद थे। हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन का था। विमान के लापता होने के बाद शुरू किए गए तलाशी और बचाव अभियान के दौरान सभी छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई।