लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गुजरात के मोरबी जिले के हलवद इलाके में कंकावती नदी का जलस्तर बढ़ गया। इसके चलते नदी के पास पांच लोग फंस गए थे। शनिवार शाम NDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया। स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीम ने पहले फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज पानी के बहाव और नदी का जलस्तर ज्यादा होने के कारण उन्हें बचाना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद NDRF को मौके पर बुलाया गया।
हलवद के SDM धार्मिक डोबरिया ने बताया कि पांचों लोग दोपहर से फंसे हुए थे। SDRF और स्थानीय फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन तेज बहाव के कारण रेस्क्यू नहीं कर पाई। NDRF की टीम के पहुंचने तक पानी का बहाव कुछ कम हुआ, जिसके बाद विशेष उपकरणों की मदद से सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
NDRF अधिकारी एसएन पारिख ने बताया कि बाढ़ के कारण सड़कें और रास्ते बंद थे और इलाके का रास्ता भी काफी मुश्किल था। टीम के वाहन के मौके तक पहुंचने में परेशानी को देखते हुए पहले से ट्रैक्टर की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद टीम ने मुश्किल हालात के बावजूद सफलतापूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया और पांचों लोगों को सुरक्षित बचा लिया।
वहीं, एक दिन पहले गुजरात के वलसाड जिले में भी फायर ब्रिगेड की टीम ने तीन लोगों को सुरक्षित बचाया था। ये लोग औरंगा नदी के पास एक पुल पर गए थे, लेकिन आसपास बाढ़ का पानी भरने के कारण वहां फंस गए। अधिकारियों को सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।