Breaking News

ग्रेटर नोएडा में खुलेगा दिल्ली-NCR का पहला लुलु हाइपरमार्केट, आज दोपहर होगा उद्घाटन     |   दिल्ली के JLN स्टेडियम में आज होगा वर्ल्ड एथलेटिक्स गोल्ड लेबल इवेंट     |   मेक्सिको के प्रशांत तट पर तूफान ट्रूडी का खतरा, कई इलाकों में हरीकेन वॉर्निंग जारी     |   अशोक सिद्धार्थ की वापसी पर मायावती का जवाब- किसी भी कीमत पर पार्टी में नहीं लेंगे     |   ग्वालियर: ट्रक हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत, कई की हालत नाजुक     |  

गुजरात: बारिश से 26 की मौत, वडोदरा, जामनगर और द्वारका में सबसे ज्यादा तबाही

गुजरात में गुरुवार को भी मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। सभी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वडोदरा, जामनगर, द्वारका में सबसे ज्यादा तबाही देखने को मिल रही है। वडोदरा के बीजेपी सांसद हेमांग जोशी ने गुरुवार को कहा कि भारतीय सेना, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और वडोदरा और सूरत के नगर निगम बचाव अभियान के तीसरे दिन हालात को नियंत्रण में लाने में सफल रहे हैं।

दरअसल, जोशी ने कहा कि अकोटा, मुजमहुदा, हरनी, वेमाली जैसे निचले इलाकों में तीसरे दिन पानी कम हो गया है, जिससे निवासियों को राहत मिली है। उन्होंने आगे बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से बात की और चल रहे बचाव अभियान में सहायता के लिए भारतीय सेना की टुकड़ियों को भेजा।

राज्य सरकार के अनुरोध के बाद भारतीय सेना ने बुधवार को गुजरात के बाढ़ प्रभावित इलाकों में बचाव और राहत अभियान शुरू किया। सबसे ज्यादा प्रभावित जगहों से लोगों को निकालने के लिए कई जिलों में सेना की टुकड़ियों को तैनात किया गया था।

गुजरात में भारी बारिश के कारण और 19 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ पिछले तीन दिनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 26 हो गई है। बाढ़ग्रस्त इलाकों से 17,800 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। बुधवार को भी राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई।

सीएम ने वडोदरा में बचाव और राहत कार्यों में प्रशासन की सहायता के लिए एनडीआरएफ की पांच अतिरिक्त टीमों और सेना की चार टुकड़ियों की तैनाती का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद और सूरत से बाढ़ प्रभावित शहर में अतिरिक्त बचाव नौकाएं भी भेजी जानी चाहिए।