Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

राजस्थानः भीलवाड़ा में वन विभाग ने ट्रक से चंदन की लकड़ियां बरामद की, एक गिरफ्तार

राजस्थान के भीलवाड़ा में सर्किट हाउस के पास से वन विभाग की टीम ने एक ट्रक से भारी मात्रा में चंदन की लकड़ियां बरामद की हैं। इसका वजन करीब 150 से 200 किलोग्राम है। वन विभाग की टीम ने मौके से एक संदिग्ध को भी गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार संदिग्ध की पहचान अलीनगर निवासी इकबाल खां के तौर पर हुई है।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि चंदन की लकड़ियां चंदेरिया से ट्रांसपोर्ट नगर लाई गईं थीं और इन्हें आगे जयपुर ले जाया जा रहा था। वन विभाग को आशंका है कि पूरा मामला चंदन तस्करी से जुड़ा हो सकता है और इसके पीछे किसी बड़े रैकेट का हाथ भी हो सकता है।

भीलवाड़ा के उप-वन संरक्षक गौरव गर्ग ने बताया बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे विभाग को इस संबंध में सूचना मिली थी। जिसके आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस ट्रक को पकड़ लिया। गौरव गर्ग ने बताया कि चुनावी समय होने के कारण टीम रात्रि पेट्रोलिंग कर रही है। इसी दौरान टीम ने सर्किट हाउस के पास खड़े ट्रक से पांच बोरियों में चंदन की लकड़ी बरामद की है।

उप-वन संरक्षक ने बताया कि बिना अनुमति के चंदन की लकड़ी का परिवहन नहीं किया जा सकता। पूरी छानबीन के बाद चंदन की लकड़ी को लाने-ले जाने की अनुमति दी जाती है। इसके बिना चंदन की लकड़ी को लाना-ले जाना अपराध है।