Breaking News

‘डायरेक्ट डील अभी नहीं’, पाकिस्तान बोला- US-ईरान के बीच सहमति बनेगी तब ही होगा समझौता     |   संदिग्ध समुद्री डाकुओं ने सोमालिया के पास सीमेंट ले जा रहे जहाज को हाईजैक किया     |   व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ की इस सप्ताह राष्ट्रपति की सुरक्षा प्रोटोकॉल पर बैठक     |   नासिक TCS केस: आरोपी निदा खान की अग्रिम जमानत पर सुनवाई 2 मई तक टली     |   WB: MP मिताली बाग पर हमला करने वाले BJP के गुड़ों को अभिषेक बनर्जी ने चेतावनी दी     |  

Madhya Pradesh: कूनो राष्ट्रीय उद्यान में पांच शावकों का जन्म, भारत में चीतों की संख्या 35 हुई

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ‘आशा’ ने पांच शावकों को जन्म दिया है जिसके साथ ही देश में इस वन्यजीव की कुल संख्या बढ़कर 35 हो गई है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को ये जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “कूनो में गर्व का क्षण है। मादा चीता आशा द्वारा पांच स्वस्थ शावकों को जन्म देने से भारत में चीता संरक्षण अभियान को मजबूती मिली है। इसके साथ ही भारत में जन्मे शावकों की संख्या 24 हो गई है और कुल चीता आबादी 35 पर पहुंच गई है।”

उन्होंने कहा कि नामीबिया से लाई गई मादा चीता आशा से शावकों का जन्म होना परियोजना की सफलता की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह परियोजना दशकों पहले भारत में विलुप्त हो चुके दुनिया के सबसे तेज रफ़्तार प्राणी चीते के पुनर्वास के उद्देश्य से शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और पशु चिकित्सकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता वनकर्मियों और विशेषज्ञों के सतत परिश्रम का परिणाम है। यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।