Breaking News

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी की माता जी का निधन, उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में ली अंतिम सांस     |   अमेरिकी सिस्टम पर साइबर हमले में विदेशी हाथ का सबूत नहीं, FBI ने साफ की स्थिति     |   खाटूश्यामजी: भोजनालय में लगी भीषण आग, मंदिर के निकास मार्ग पर मची अफरा-तफरी     |   कावेरी जल विवाद में तमिलनाडु को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 11 TMC अतिरिक्त पानी की मांग खारिज     |   नेपाल के PM बालेन्द्र शाह 22 नवंबर से भारत दौरे पर, PM मोदी के साथ करेंगे द्विपक्षीय वार्ता     |  

ग्रामीण महिलाएं बन रहीं कारोबार की धुरी, स्वयं सहायता समूहों से बदल रही गांवों की तस्वीर

उत्तर प्रदेश के गांवों में महिलाएं अब आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी निभाने के साथ-साथ सफल उद्यमी के रूप में भी अपनी पहचान बना रही हैं। घर की जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली महिलाओं का हुनर अब कारोबार का रूप ले रहा है। उनके हाथों से तैयार उत्पाद बाजार में पहुंच रहे हैं और अलग-अलग ब्रांड के नाम से पहचान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की पहल से सवा करोड़ से अधिक महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ रही हैं। प्रदेश के 11 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की यह भागीदारी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने में अहम भूमिका निभा रही है।

योगी सरकार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को उनके पारंपरिक कौशल, स्थानीय संसाधनों और क्षेत्र में उपलब्ध कच्चे माल के आधार पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। इसका असर अब गांवों के बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। पहले स्थानीय स्तर पर बिकने वाले उत्पादों को अब बेहतर ब्रांडिंग और मार्केटिंग के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। इससे महिला उद्यमियों की आमदनी बढ़ने के साथ उनके उत्पादों को भी नई पहचान मिल रही है।

पारंपरिक हुनर से खड़े हो रहे नए कारोबार

उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय कला और शिल्प को अपनी आजीविका का माध्यम बना रही हैं। सहारनपुर में महिलाएं आकर्षक लालटेन, लकड़ी की ट्रे और नक्काशीदार फ्रेम वाले शीशे तैयार कर रही हैं। संभल में लकड़ी की ट्रे का निर्माण किया जा रहा है, जबकि फिरोजाबाद की महिलाएं कांच से बने उत्पादों और दीयों के जरिए अपनी पारंपरिक कारीगरी को आगे बढ़ा रही हैं।

वहीं, राजधानी लखनऊ में महिलाएं चिकनकारी के खूबसूरत सूट तैयार कर रही हैं। इस तरह प्रदेश के विभिन्न हिस्सों की पारंपरिक कलाएं और स्थानीय शिल्प अब महिला उद्यमिता के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। इससे न केवल क्षेत्रीय उत्पादों को बढ़ावा मिल रहा है, बल्कि ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होकर अपनी अलग पहचान भी बना रही हैं।

स्वयं सहायता समूहों से मजबूत हो रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के जरिए एकजुट कर आर्थिक गतिविधियों से जोड़ रहा है। समूहों के माध्यम से महिलाएं सामूहिक रूप से उत्पादन, विपणन और कारोबार का संचालन कर रही हैं। स्थानीय संसाधनों से तैयार होने वाले उत्पादों के जरिए गांवों में रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिल रही है।

मिशन के निदेशक अरुण कुमार के मुताबिक, योगी सरकार का जोर महिलाओं के पारंपरिक हुनर को व्यावसायिक पहचान दिलाने और उनके उत्पादों को स्थापित ब्रांड के रूप में विकसित करने पर है। मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, सहारनपुर, बुलंदशहर, संभल, फिरोजाबाद और लखनऊ में महिलाओं की ओर से तैयार किए जा रहे उत्पाद इस बदलाव का उदाहरण हैं।

स्थानीय उत्पादों को मिल रही ब्रांड के जरिए नई पहचान

उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में महिलाएं स्थानीय पहचान और पारंपरिक उत्पादों को आधार बनाकर अपना कारोबार आगे बढ़ा रही हैं। मिर्जापुर में ‘विंध्य प्रेरणा’ ब्रांड के तहत साड़ियां, सत्तू, सरसों का तेल और चना जैसे उत्पाद बाजार में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं सोनभद्र की महिलाएं ‘सोन प्रेरणा’ ब्रांड के माध्यम से वन शहद, अगरबत्ती और बकरी के दूध से तैयार साबुन का उत्पादन कर रही हैं।

वाराणसी में ‘काशी प्रेरणा’ ब्रांड के तहत धूप और वंदनवार जैसे उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इनके जरिए काशी की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक शिल्प को महिला उद्यमिता से जोड़ा जा रहा है। इसी तरह बुलंदशहर में खुर्जा की प्रसिद्ध पॉटरी कला के तहत दीये और मोमबत्ती स्टैंड बनाए जा रहे हैं। प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की यह पहल दिखाती है कि सही प्रशिक्षण, सरकारी सहयोग और बाजार तक पहुंच मिलने पर ग्रामीण महिलाएं भी सफल कारोबारी बन सकती हैं। उनके प्रयास स्थानीय कला और उत्पादों को नई पहचान देने के साथ आत्मनिर्भर ग्रामीण उत्तर प्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।