Breaking News

सोशल मीडिया फ्लेटफॉर्म तक न पहुंचे चाइल्ड पोर्नोग्राफी, गाइडलाइन बनाएं सरकार: SC     |   तुर्की में फिर आया बड़ा भूकंप, 5.8 की तीव्रता से हिली धरती     |   CEC ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें, नहीं तो देशव्यापी प्रोटेस्ट करेंगे: कॉकरोच पार्टी     |   महुआ मोइत्रा ने नई दिल्ली में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई     |   गुजरात BJP संगठन में बदलाव, अरुण बिन्नाडी राजकोट केंद्र के सह महामंत्री नियुक्ति     |  

वरुण विहार-नैमिष नगर के किसानों ने सराही मुआवजा प्रक्रिया, कमलेश को मिले 2.80 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की वरुण विहार और नैमिष नगर योजना के भूमि पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान योजनाओं के लिए जमीन देने वाले किसानों और लाभार्थी परिवारों ने मुआवजा प्रक्रिया को पारदर्शी बताया। किसानों ने कहा कि मुआवजे की राशि मिलने के बाद उन्होंने दूसरी जगह जमीन खरीदने, मकान बनाने और बच्चों की पढ़ाई के लिए धन का इस्तेमाल किया।

रामदेई ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

ग्राम दोना के मुलेश्वर सिंह ने बताया कि वरुण विहार योजना के लिए उन्होंने अपनी सहमति से जमीन दी थी। मुआवजे में मिली राशि से उन्होंने अलग-अलग जगहों पर जमीन खरीदी है। वहीं ग्राम रेवरी की रामदेई ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि उनकी जमीन योजना में गई और उन्हें अच्छा मुआवजा मिला। उन्होंने सरकार के प्रति संतोष जताया।

एक हेक्टेयर जमीन के बदले कमलेश को मिले 2.80 करोड़

ग्राम दोना के किसान कमलेश कुमार ने बताया कि उन्होंने वरुण विहार योजना के लिए एक हेक्टेयर जमीन सहमति से एलडीए को दी। इसके बदले उन्हें 2 करोड़ 80 लाख रुपये का मुआवजा मिला। उन्होंने बताया कि इस राशि से उन्नाव जिले में जमीन खरीदी और मकान बनवाया। कमलेश कुमार ने कहा कि योजना से उनके क्षेत्र और गांव के विकास को भी गति मिल रही है।

नैमिष नगर के किसानों ने भी प्रक्रिया को बताया पारदर्शी

बख्शी का तालाब की सुषमा सिंह ने बताया कि कमलाबाद स्थित उनकी जमीन नैमिष नगर योजना के लिए एलडीए को दी गई। उन्होंने कहा कि उन्हें 2 करोड़ 90 लाख रुपये का मुआवजा मिला और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही।

नमरा फातिमा को मिले 70.58 लाख रुपये

ग्राम सैदापुर की नमरा फातिमा ने बताया कि नैमिष नगर योजना के लिए उनकी जमीन एलडीए को दी गई। उन्हें 70 लाख 58 हजार रुपये एकमुश्त डीडी के माध्यम से मिले। 12वीं पास नमरा नीट की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि मुआवजे की राशि से उन्होंने जमीन खरीदी है और आगे यह रकम उनकी मेडिकल की पढ़ाई में काम आएगी। उन्होंने कहा कि योजना से क्षेत्र में रोजगार और आवासीय सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है।

ओम प्रकाश अवस्थी ने मुआवजे से खरीदी 16 बीघे जमीन

बख्शी का तालाब निवासी ओम प्रकाश अवस्थी ने नैमिष नगर योजना के लिए करीब डेढ़ बीघे से अधिक जमीन दी। इसके बदले उन्हें 1 करोड़ 96 लाख रुपये मिले। उन्होंने बताया कि मुआवजा लेने के लिए उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। संकल्प पत्र भरने के करीब 15 दिन बाद उन्हें रजिस्ट्री के लिए बुलाया गया और इसके बाद डीडी के जरिए राशि मिली। अगले दिन रकम उनके बैंक खाते में पहुंच गई। ओम प्रकाश अवस्थी ने बताया कि मुआवजे की राशि से उन्होंने सीतापुर के बिसवां रोड पर 16 बीघे जमीन खरीदी और बाकी रकम बैंक में जमा कर दी। उन्होंने मुआवजा प्रक्रिया के लिए सरकार के प्रति आभार जताया।