Breaking News

सत्य निकेतन PG हादसा पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, सभी निजी हॉस्टलों के ऑडिट की मांग     |   उत्तर प्रदेश के हापुड़ के धौलाना में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, दूर तक दिखा धुएं का गुबार     |   पीएम मोदी का मेगा शो, Gen-Z से सीधा संवाद, वडोदरा में 6 हजार यंग प्रोफेशनल जुटे     |   सपा के नए ड्रेस कोड पर BJP का तंज- ‘चुनाव आते ही बदल लिया भेष’     |   दिल्ली PG हादसे के बाद NHRC का UGC और दिल्ली सरकार को नोटिस, DU हॉस्टल पर मांगी रिपोर्ट     |  

अरूणाचल में कांग्रेस को बड़ा झटका, नबाम तुकी ने प्रदेश अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी ने आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी के एक नेता ने शनिवार को ये जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के तीन विधायकों के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने के बाद तुकी ने शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) को अपना इस्तीफा भेजा।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव ग्यामर ताना ने कहा, ”विधायकों को दूसरे राजनैतिक दलों में जाने से नहीं रोक पाने के कारण पूर्व मुख्यमंत्री ने नैतिक आधार पर इस्तीफा दे दिया।” तुकी, राज्य की सागली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।

इस महीने की शुरुआत में, कांग्रेस विधायक दल के नेता और पूर्वी सियांग जिले के मेबो से छह बार के विधायक लोम्बो तायेंग बीजेपी में शामिल हो गए। पिछले महीने कांग्रेस के दो और विधायकों–निनोंग ईरिंग और वांगलिन लोवांगडोंग ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया था।