Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

West Bengal: टीएमसी नेता शाहजहां शेख के सहयोगियों के घरों पर ईडी का छापा, पुराने केस में कार्रवाई

Kolkata: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धोखाधड़ी से जमीन हड़पने के एक पुराने मामले में तृणमूल कांग्रेस के फरार नेता शाहजहां शेख से जुड़े कारोबारियों के घरों पर शुक्रवार को छापेमारी की। अधिकारियों के मुताबिक ये छापेमारी शाहजहां शेख और उसके सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी से जमीन हड़पने के एक पुराने मामले से जुड़ी है। उन्होंने बताया कि ईडी ने हावड़ा, बिजयगढ़ और बिराती सहित शहर और उसके आसपास पांच अलग-अलग जगहों पर शुक्रवार सुबह छापेमारी और तलाशी अभियान चलाया।

ईडी मामले की सूचना रिपोर्ट के तौर पर आमतौर पर ईसीआईआर दर्ज करती है। उन्होंने बताया कि ये आपराधिक मामलों में एफआईआर की तरह ही है। ईडी के अधिकारियों की टीम पर पांच जनवरी को भीड़ ने उस वक्त हमला कर दिया था जब उन्होंने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में शाहजहां के घर में दाखिल होने की कोशिश की थी।

इस हमले में तीन अधिकारी घायल हो गए थे। शाहजहां तभी से फरार है। जिला पुलिस और शेख के परिवार ने ईडी अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। संदेशखाली की महिलाओं ने शाहजहां शेख और उसके समर्थकों पर जबरदस्ती जमीन हड़पने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है जिसके बाद से ये जगह सुर्खियों में है। 

पुलिस ने अब तक तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं और शाहजहां के एक करीबी सहयोगी सहित 18 लोगों को गिरफ्तार किया है।