Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

Kerala: ईडी ने पिनराई विजयन की बेटी को भेजा नोटिस, मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है मामला

Kerala: प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन के एक मामले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी को पूछताछ के लिए इस सप्ताह तलब किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, वीणा को 12 जून को यहां प्रवर्तन निदेशालय के क्षेत्रीय कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। उनके उपस्थित होने पर धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनका बयान दर्ज किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एजेंसी ने इस मामले में कुछ अन्य लोगों को भी समन जारी किया है। जांच कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) और वीणा की अब बंद हो चुकी कंपनी एग्जालॉजिक सॉल्यूशन्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े कथित धनशोधन मामले से संबंधित है।

ईडी ने पिछले महीने पिनराई विजयन के तिरुवनंतपुरम स्थित किराए के आवास, जहां वीणा रहती हैं, सहित कुछ अन्य स्थानों पर छापेमारी की थी। ईडी की जांच उस आरोप से जुड़ी है, जिसके अनुसार सीएमआरएल ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) परामर्श सेवाओं के नाम पर एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को कथित तौर पर 2.78 करोड़ रुपये का फर्जी भुगतान किया।

एजेंसी के अनुसार, सीएमआरएल के प्रबंध निदेशक शशिधरन कार्था द्वारा संचालित एक अन्य कंपनी ‘एम्पॉवर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड’ ने भी एक्सालॉजिक को 50 लाख रुपये का ऋण दिया था, जबकि कंपनी समय पर ऋण चुकाने में विफल रही थी।

ईडी का दावा है कि सीएमआरएल का प्रबंधन, जिसका नेतृत्व कार्था कर रहे थे और वीणा ने इस प्रक्रिया के दौरान कथित तौर पर ‘‘अपराध से अर्जित आय’’ हासिल की।