Breaking News

बोकारो: बाल सुधार गृह में फ्लू का प्रकोप, 20 बाल बंदी संक्रमित, एक ICU में भर्ती     |   दिल्ली पुलिस की कंपनियों को धारा 163 वाले इलाकों में कैब-फूड डिलीवरी रोकने की सलाह     |   भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 1.08 अरब डॉलर बढ़कर 676.237 अरब डॉलर हुआ     |   उत्तर प्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र तीन अगस्त से शुरू होगा     |   मंडी हाउस-सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट खुले, DMRC का X पोस्ट     |  

इंदौर में सड़क पर गुटखा थूकने को लेकर ढाबा संचालक की हत्या, तीन लोग गिरफ्तार

Madhya Pradesh: देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में सड़क पर गुटखा थूकने के विवाद में 25 वर्षीय ढाबा संचालक की सरेराह हत्या के आरोप में सोमवार को पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अमरेंद्र सिंह ने बताया कि शहर में एक ढाबा संचालित करने वाले लेखराज (25) की रविवार और सोमवार की दरमियानी रात विजय नगर क्षेत्र में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई और वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए थे।

उन्होंने बताया कि गश्त कर रही पुलिस इस वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और जांच में मिले सुरागों के आधार पर राज अहिरवार (19), पवन रजक (20) और जगदीश सिसोदिया (33) को गिरफ्तार किया।

अमरेंद्र सिंह ने बताया, ‘‘मोटरसाइकिल पर सवार आरोपियों में से एक व्यक्ति ने उस वक्त सड़क पर गुटखा थूक दिया था, जब ढाबा बंद करके घर जा रहा लेखराज अपने दो साथियों के संग वहां से गुजर रहा था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।’’

उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान आरोपियों ने लेखराज पर चाकू से हमला किया और ज्यादा खून बह जाने से उसकी मौत हो गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किए गए हैं और ढाबा संचालक के हत्याकांड की विस्तृत जांच की जा रही है।