रामनगरी अयोध्या में चौदह कोसी परिक्रमा को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी हुई है। मंगलवार रात शुरू हुई परिक्रमा बुधवार को सुबह होने से पहले ही तेज हो गई। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग राम नाम का जाप करते हुए परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए। अनुमान के मुताबिक, अब तक करीब दो लाख श्रद्धालु अपनी परिक्रमा पूरी कर चुके हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए योगी सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। परिक्रमा मार्ग पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, रोशनी और स्वास्थ्य शिविरों की व्यवस्था की गई है। पुलिसकर्मी भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए लगातार तैनात हैं।
सरयू घाट से लता मंगेशकर चौक तक अधिकारियों ने किया निरीक्षण
परिक्रमा के दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एएसपी गौरव ग्रोवर और नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने सरयू घाट से लता मंगेशकर चौक तक अलग-अलग स्थानों का दौरा किया।
अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जांच की। इस दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में उनकी राय भी जानी।
ड्रोन और सीसीटीवी से पूरे मेला क्षेत्र पर नजर
श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए परिक्रमा मार्ग और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए की जा रही है। इसके अलावा लोगों की मदद के लिए खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं।
पीए सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार जरूरी सूचनाएं और दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन ने पेयजल, सफाई, प्रकाश और चिकित्सा सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी है।
मंडलायुक्त ने साढ़े छह घंटे में पूरी की परिक्रमा
मंडलायुक्त राजेश कुमार ने भी चौदह कोसी परिक्रमा में हिस्सा लिया। उन्होंने सहादतगंज स्थित हनुमानगढ़ी से यात्रा शुरू की और करीब छह घंटे 30 मिनट में परिक्रमा पूरी की।
इस दौरान उन्होंने रास्ते में रुककर सफाई, पानी, रोशनी, यातायात और सुरक्षा के इंतजाम देखे। मंडलायुक्त ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं ने की सुविधाओं की तारीफ
परिक्रमा में शामिल होने कानपुर से पहुंचे बृजमोहन ने बताया कि वह पिछले 18 साल से हर साल अयोध्या आते हैं। उनके मुताबिक, इस बार रास्ते में पानी की व्यवस्था पहले से बेहतर है। जगह-जगह टैंकर लगाए गए हैं और रात में रोशनी का भी अच्छा इंतजाम है। उन्होंने पुलिसकर्मियों के सहयोग की भी तारीफ की।
बिहार के मुजफ्फरपुर से आईं 45 वर्षीय सीता देवी अपने परिवार की तीन पीढ़ियों के साथ परिक्रमा करने पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि उनके साथ उनकी दादी और बेटी भी आई हैं। रास्ते में कई जगह लोगों की ओर से पानी और लस्सी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताया और कहा कि हनुमानगढ़ी से परिक्रमा शुरू करते समय वह भावुक हो गई थीं।
भंडारे और स्वास्थ्य शिविरों में मिल रही मदद
परिक्रमा मार्ग पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से जगह-जगह भंडारे लगाए गए हैं। यहां श्रद्धालुओं को मुफ्त भोजन दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने भी कई स्थानों पर चिकित्सा शिविर बनाए हैं, जहां डॉक्टर और पैरामेडिकल कर्मचारी तैनात हैं। किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए भी पहुंच रहे भक्त
चौदह कोसी परिक्रमा के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु राम मंदिर और हनुमानगढ़ी स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन भी कर रहे हैं। कई लोग परिक्रमा के दौरान दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों पर पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसरों में भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन की ओर से अलग से इंतजाम किए गए हैं।
11 जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया परिक्रमा मार्ग
सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर ढंग से संभालने के लिए चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग को 11 जोन और 21 सेक्टर में विभाजित किया गया है। वहीं, अयोध्याधाम के प्रमुख धार्मिक स्थलों और अतिरिक्त रास्तों को छह जोन और 26 सेक्टर में बांटकर पुलिस बल तैनात किया गया है। इनमें घाट, नागेश्वरनाथ, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और यातायात क्षेत्र शामिल हैं।
हर जोन में अपर पुलिस अधीक्षक या पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी दी गई है। सेक्टरों में भी उपाधीक्षक और निरीक्षक स्तर के अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा नोडल अधिकारियों और महत्वपूर्ण स्थानों पर स्थायी ड्यूटी की व्यवस्था है।
सुरक्षा के लिए 16 अपर पुलिस अधीक्षक, 35 पुलिस उपाधीक्षक, 90 निरीक्षक, 355 उपनिरीक्षक, 35 महिला उपनिरीक्षक, 1,320 आरक्षी और 140 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इनके साथ पीएसी की पांच कंपनियां भी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं।