Karnataka: कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को महंगाई को लेकर केंद्र पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के अंतर्गत एक अप्रैल ‘‘लूट, डकैती और पलायन का दिन’’ बन गया है, जिससे कर्नाटक और देश भर में लोगों के जीवन और आजीविका पर असर पड़ रहा है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि आवश्यक वस्तुओं, ईंधन, दवाओं और अलग-अलग सेवाओं की कीमतों में हो रही वृद्धि ने आम आदमी पर असहनीय बोझ डाल दिया है और बीजेपी सार्वजनिक धन की ‘लूट’ के लिए महंगाई को एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है।
राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और बीजेपी के लिए एक अप्रैल लूट, डकैती और पलायन का दिन बन गया है।" सुरजेवाला ने कहा कि टोल संग्रह में बढ़ोतरी "राजमार्ग पर की जाने वाली डकैती" है। उनका कहना था कि केंद्र ने पिछले कुछ सालों में अकेले कर्नाटक से बड़े पैमाने पर राजस्व एकत्र किया है।
उन्होंने ने कहा, ''2019-20 से आज तक, मोदी सरकार और भाजपा ने अकेले कर्नाटक के लोगों की जेब काटकर 23,000 करोड़ रुपये एकत्र किए हैं।’’ उन्होंने कहा कि एक अप्रैल से टोल शुल्क में लगभग पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी होने वाली है।
सुरजेवाला ने कहा, ‘‘बेंगलुरु-मैसूरु राजमार्ग से 900 करोड़ रुपये एकत्र कर लिए गए हैं।" कांग्रेस नेता ने केंद्र पर दवाओं की कीमत बढ़ाकर मरीजों पर बोझ डालने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक अप्रैल से सैकड़ों आवश्यक दवाओं की कीमतें बढ़ जाएंगी।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘कल, एक अप्रैल, 2026 से मोदी सरकार 900 आवश्यक दवाओं और अन्य दवाओं की कीमत में बढ़ोतरी कर रही है।’’ उन्होंने कहा कि मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों के लिए जीवन रक्षक दवाएं और उपचार भी महंगे हो जाएंगे।
सुरजेवाला ने निर्माण, पेट्रोकेमिकल और उपभोक्ता वस्तुओं जैसे क्षेत्रों में बढ़ती लागत की ओर भी इशारा किया और आरोप लगाया कि इस्पात, सीमेंट जैसी सामग्रियों की कीमतों में वृद्धि सीधे आवास और बुनियादी ढांचे के विकास को प्रभावित करेगी।