Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

सीएम योगी ने मां सिद्धिदात्री की पूजा कर प्रदेश की समृद्धि और नारीशक्ति के योगदान को बताया अहम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर मां सिद्धिदात्री की आराधना की और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की प्रगति और समृद्धि में नारीशक्ति निर्णायक भूमिका निभा रही है। उन्होंने 'संकल्प से सिद्धि' तक नए भारत के नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर भी सामने रखी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मां सिद्धिदात्री के आशीर्वाद से प्रदेश की महिलाएं अपनी क्षमता, संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने नारी सम्मान की महत्ता बताते हुए कहा, 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः।' इसका अर्थ है कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहां सुख, समृद्धि और कल्याण का वास होता है।

2017 से पहले दंगों और अराजकता से जूझ रहा था प्रदेश

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता और उपद्रव का माहौल था। गुंडे, माफिया और उपद्रवी समानांतर सरकार चला रहे थे। प्रदेश दंगों की आग में झुलस रहा था और त्योहारों से पहले भी उपद्रव की घटनाएं होती थीं। उन्होंने कहा कि उस समय अभिभावक अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए उन्हें दूसरे राज्यों में भेजने को मजबूर थे।

मुख्यमंत्री के अनुसार, वर्ष 2017 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। कानून का राज स्थापित करने के साथ उत्तर प्रदेश को उपद्रव की छवि से निकालकर उत्सवों के प्रदेश के रूप में विकसित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए किए गए प्रयासों ने उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य की छवि से बाहर निकालकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

साढ़े 9 साल में तीन गुना हुई जीएसडीपी और प्रति व्यक्ति आय

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि पिछले साढ़े 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी), प्रति व्यक्ति आय, बजट और महिला श्रम बल भागीदारी तीन गुना हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश लगातार रेवेन्यू सरप्लस राज्य बना हुआ है और यहां 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

सीएम योगी के मुताबिक, प्रदेश में बड़े कारखानों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। निवेश के माध्यम से 65 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। वहीं, डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के जरिए उत्तर प्रदेश देश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

देश के 60 प्रतिशत एक्सप्रेसवे नेटवर्क का हिस्सा यूपी में

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क का लगभग 60 प्रतिशत उत्तर प्रदेश में है। प्रदेश की कृषि विकास दर भी 8 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने बताया कि निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से युवाओं को साढ़े 9 लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 24 हजार से अधिक हो गई है। इसके साथ ही, पहले कमजोर पड़ चुके सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को फिर से मजबूत किया गया है। इस क्षेत्र के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।

'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' का लक्ष्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार 'सशक्त नारी, समृद्ध उत्तर प्रदेश' के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के अधिक अवसर देना है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार 'विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश' के लक्ष्य को साकार करने के लिए लगातार काम कर रही है।