बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में राजस्थान की कोटा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हरियाणा के सोनीपत का रेहान उर्फ सुक्का, बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन और एक नाबालिग शामिल है। कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने सोमवार को बताया कि तीनों आरोपियों को जल्द ही मुंबई पुलिस को सौंपा जाएगा।
एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि फायरिंग के मामले में शामिल तीनों मुख्य आरोपी ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं और कोटा पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई। करीब 15 मिनट के भीतर टीम ने ट्रेन में तलाशी अभियान चलाकर तीनों को पकड़ लिया।
पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से जा रहे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में सफर कर रहे थे। उनकी योजना पहले दिल्ली पहुंचने और फिर नेपाल की ओर भागने की थी। कोटा सिटी पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर उन्हें हिरासत में लिया।
तेजस्विनी गौतम ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि अनिल पंडित का रेहान से संपर्क था। पुलिस के अनुसार, अनिल पंडित का संबंध गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से बताया जा रहा है। हालांकि, आरोपियों के पास से अब तक हथियार बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि हथियार कहां हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रविवार शाम टाइगर की कार पर हुई थी फायरिंग
मुंबई पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 7 बजे जुहू में एक फुटबॉल क्लब से निकलते समय टाइगर श्रॉफ की कार पर कथित तौर पर फायरिंग की गई थी। अभिनेता को सीधे गोली लगने की सूचना नहीं है, जबकि उनके ड्राइवर को चोटें आई थीं।
घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे रविवार रात टाइगर श्रॉफ के घर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि अभिनेता के बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई थी। शिंदे के अनुसार, टाइगर और उनकी मां आयशा श्रॉफ घटना से घबराए हुए थे। उन्होंने परिवार को राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा भी दिया।
सार्वजनिक हस्तियों को धमकी बर्दाश्त नहीं: शिंदे
एकनाथ शिंदे ने कहा कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और सार्वजनिक हस्तियों को धमकी देने की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में आगे की जांच मुंबई पुलिस करेगी।