उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज महाराजगंज जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह 208 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 79 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और टूलकिट भी वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी नौतनवा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि महाराजगंज की पावन धरती पर विकास, विश्वास और जनकल्याण के नए अध्याय को गति मिलेगी।
अपने दौरे के दौरान सीएम योगी स्थानीय विधायक ऋषि त्रिपाठी के नए घर में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम, घरभोज और सुंदरकांड में भी शामिल होंगे। इसके बाद वह गोरखपुर में प्रबुद्धजन सम्मेलन में हिस्सा लेंगे और अमृत 2.0 योजना के तहत चल रही परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भारत-नेपाल सीमा के पास नौतनवा में है, इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल को 7 जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1 अपर पुलिस अधीक्षक, 8 क्षेत्राधिकारी (CO), 18 प्रभारी निरीक्षक, 14 निरीक्षक, 150 उपनिरीक्षक, 650 पुलिसकर्मी, 60 महिला पुलिसकर्मी, 18 फायर ब्रिगेड टीमें और 2 कंपनी पीएसी तैनात की गई हैं। कार्यक्रम स्थल नेपाल सीमा के करीब होने के कारण सीमावर्ती इलाकों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।