Breaking News

पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर गंगटोक में 'स्वच्छता सेवा अभियान' की शुरुआत     |   सेंसेक्स 22 अंक गिरकर 74,315 पर, निफ्टी 53 अंक चढ़कर 23,271 पर बंद हुए     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 3 पैसे गिरकर 95.94 के स्तर पर बंद हुआ     |   इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यशोभूमि में SEMICON India 2026 का किया उद्घाटन     |  

विश्वकर्मा जयंती और PM मोदी के जन्मदिवस पर कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे CM योगी, ‘आशीर्वाद का दीया’ भी जलाएंगे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में विश्वकर्मा स्वरोजगार व स्वदेशी मेला 2026 पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही लाभार्थियों को चेक और टूलकिट वितरित करने के साथ कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के तहत आयोजित विश्वकर्मा स्वरोजगार व स्वदेशी मेला 2026 पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मार्जिन मनी ऋण पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और टूलकिट भी वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम में MSME विभाग के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी और राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा भी मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम को जनभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ ‘गंगासागर नमो नमः’ का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी उपस्थित रहेंगे। जनभवन में गंगोत्री से गंगासागर की थीम पर एक विशेष प्रतिकृति तैयार की गई है। इसमें चारों धाम की प्रतिकृतियों के साथ प्रयागराज और काशी के घाटों व मंदिरों की झलक भी दिखाई देगी। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री प्रयागराज से लाए गए गंगाजल को यहां अर्पित करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राष्ट्र प्रेरणा स्थल भी जाएंगे। यहां वह ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेंगे। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े कार्यों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी। यह कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होगा।