Breaking News

पीएम मोदी के जन्मदिन के मौके पर गंगटोक में 'स्वच्छता सेवा अभियान' की शुरुआत     |   सेंसेक्स 22 अंक गिरकर 74,315 पर, निफ्टी 53 अंक चढ़कर 23,271 पर बंद हुए     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 3 पैसे गिरकर 95.94 के स्तर पर बंद हुआ     |   इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यशोभूमि में SEMICON India 2026 का किया उद्घाटन     |  

काशी से वडनगर तक निकलेगी 22 दिवसीय ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’, राजनाथ सिंह और CM योगी दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी से वडनगर तक ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ निकाली जाएगी। 17 सितंबर को रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर से केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे। इस यात्रा में देशभर से 1,000 से अधिक युवाओं के शामिल होने की बात कही गई है। यात्रा शुरू होने से पहले सेवा यात्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे और गंगाजल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मंदिर में महारुद्राभिषेक भी करेंगे।

प्रदेश के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर के अनुसार, काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग का पवित्र नदियों के जल से अभिषेक किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन और दीर्घायु की कामना की जाएगी। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि 17 सितंबर को सुबह 10 बजे 51 सेवा यात्री बाइकर्स ललिता घाट पहुंचेंगे। यहां गंगाजल भरने के बाद डमरू दल और शंखनाद के बीच वे काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे।

रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में दोपहर 12 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यक्रम में शामिल अतिथि प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। इसके बाद सभागार में संबोधन होगा। कार्यक्रम के दौरान राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर वडनगर के लिए रवाना करेंगे।

कैबिनेट मंत्री और वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि 17 सितंबर की शाम पूरे प्रदेश में प्रत्येक बूथ पर एक साथ 200 दीप जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यात्रा के राष्ट्रीय संयोजक और सांसद वी.डी. शर्मा ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ना है। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी के अनुसार, देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा सेवा यात्री इस यात्रा में शामिल होंगे। यात्रा में विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों की भागीदारी के जरिए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि काशी से वडनगर और वडनगर से काशी तक चलने वाली यह यात्रा उत्तर प्रदेश के 50 जिलों, 88 रात्रि विश्राम स्थलों और 187 पड़ावों से होकर गुजरेगी। काशी से 500 सेवा यात्री 10 अलग-अलग मार्गों से बाइक पर वडनगर के लिए रवाना होंगे। दोनों दिशाओं में चलने वाली यह 22 दिवसीय बाइक यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव को सामाजिक सरोकार और सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस दौरान सेवा और सामाजिक भागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।