मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सत्ता की कोई वंश परंपरा या विरासत नहीं थी। उन्होंने अपनी पहचान तप, साधना, संघर्ष और देश के लिए कुछ कर गुजरने की भावना से बनाई। प्रधानमंत्री मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सीएम योगी ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना साझा की। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश की ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों में सेवा, जनभागीदारी और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
20 यात्राओं के जरिए बड़नगर से काशी तक पहुंचेगा संदेश
सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की बड़नगर से काशी तक की यात्रा को प्रतीकात्मक रूप से आगे बढ़ाने के लिए 17 सितंबर को 20 यात्राएं शुरू होंगी। इनमें 10 यात्राएं बड़नगर से काशी और 10 यात्राएं काशी से बड़नगर की ओर जाएंगी। इन यात्राओं में गुजरात से जल और उत्तर प्रदेश की 10 नदियों का पवित्र जल शामिल होगा। यात्राएं अलग-अलग मार्गों से होते हुए 7 अक्टूबर को अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी। इस दौरान प्रतिदिन चार स्थानों पर जनसंवाद और चौपाल भी आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रधानमंत्री मोदी के ‘नेशन फर्स्ट’ विजन और गांव, गरीब, किसान, नौजवान व महिलाओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों के लिए किए गए कार्यों पर चर्चा होगी।
826 विकासखंडों और 762 नगर निकायों में चलेगा ‘सेवा सेतु’
अभियान के तहत 826 विकासखंडों और 762 नगर निकायों में ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। 29 सितंबर से 10 अक्टूबर के बीच लगने वाले इन शिविरों में सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। स्वास्थ्य, पेंशन, आवास, शौचालय और राशन कार्ड समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए पात्र लोगों का मौके पर पंजीकरण कराया जाएगा। सत्यापन के बाद पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी।
स्कूल-कॉलेजों में होंगी चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत स्कूलों से लेकर विश्वविद्यालयों तक विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, कक्षा 9 से 12 के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता और विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। इन प्रतियोगिताओं की थीम ‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लिए आत्मनिर्भर विकसित उत्तर प्रदेश’ रखी गई है। 7 अक्टूबर को समापन कार्यक्रम में चयनित विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार दिए जाएंगे।
अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविर
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर प्रदेशभर के अस्पतालों में फल वितरण और रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। युवा मोर्चा और भाजपा कार्यकर्ता इन सेवा कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर और अन्य जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ में सामने आएगी बदलाव की तस्वीर
अभियान के तहत ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और उनकी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां सामने लाई जाएंगी।
इनमें इंफ्रास्ट्रक्चर, मेट्रो, एयरपोर्ट, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े बदलावों को शामिल किया जाएगा। उद्देश्य उन लोगों के अनुभव सामने लाना है, जिनके जीवन में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों से बदलाव आया है।
आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
‘आंगन मिलन का सेवा’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा बहनों का सम्मान किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वस्थ बेबी प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने और गर्भवती व धात्री महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में योगदान देने वाली कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
24 हजार से ज्यादा स्टार्टअप भी होंगे अभियान का हिस्सा
‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत आईटीआई, पॉलिटेक्निक, तकनीकी संस्थानों, विश्वविद्यालयों और प्रदेश के स्टार्टअप को जोड़ा जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो गई है। अटल टिंकरिंग लैब के विद्यार्थियों को भी इससे जोड़ा जाएगा। इन लैब में स्पेस टेक्नोलॉजी, ड्रोन टेक्नोलॉजी और रोबोटिक्स की ट्रेनिंग दी जा रही है।
स्वच्छता, रक्तदान और ओडीओपी को भी मिलेगा बढ़ावा
‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत मलिन बस्तियों, घाटों, देवालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘एक पेड़ मां के नाम’, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल, गो सेवा और करियर काउंसलिंग जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे। वोकल फॉर लोकल के तहत वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) और एमएसएमई उत्पादों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
दीनदयाल जयंती और गांधी जयंती भी अभियान से जुड़ेंगी
सीएम योगी ने बताया कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती और 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के कार्यक्रमों को भी सेवा संकल्प अभियान से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की भावना दिखाई देती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को हर गांव, हर बूथ, हर शक्ति केंद्र, हर विकासखंड और हर जनपद तक पहुंचाया जाएगा। सरकार और भाजपा संगठन मिलकर इस अभियान के जरिए जनभागीदारी को बढ़ावा देंगे।