Breaking News

नेपाल की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के डेलीगेशन ने दिल्ली में BJP अध्यक्ष से मुलाकात की     |   दिल्ली अमर कॉलोनी मर्डर केस में पुलिस ने अब तक 3 आरोपियों को अरेस्ट किया     |   कर्नाटकः कल शाम 4 बजकर 5 मिनट पर मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे डीके शिवकुमार     |   कोलकाताः टीएमसी से जुड़े ट्रेड यूनियन के दफ्तर पर चला बुलडोजर     |   दिल्लीः नवनियुक्त CDS एनएस राजा सुब्रमनि ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात     |  

कुशीनगर में CM योगी का बड़ा बयान: "मच्छर और माफिया दोनों खत्म"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कुशीनगर दौरे के दौरान कहा कि प्रदेश सरकार ने कुशीनगर क्षेत्र से इंसेफेलाइटिस और माफिया दोनों का खात्मा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पहले मच्छरों से बीमारी फैलती थी और माफियाओं की वजह से बेरोजगारी बढ़ती थी, लेकिन अब दोनों समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "कुशीनगर में इंसेफेलाइटिस का अंत हो चुका है, जैसे उत्तर प्रदेश में माफिया का अंत हुआ है। हमने मच्छरों और माफिया दोनों को खत्म किया है। मच्छर बीमारी लाते थे और माफिया बेरोजगारी। सरकार ने दोनों समस्याओं का समाधान किया है।"

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुशीनगर में 424 करोड़ रुपये की लागत वाली 278 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने तमकुहीराज विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से पहले यह क्षेत्र उपेक्षा का शिकार था, लेकिन अब यहां विकास योजनाएं तेजी से लागू हो रही हैं।

उन्होंने कहा, "हर सरकार की अपनी सोच होती है। 2022 से पहले विकास पर ध्यान नहीं दिया जाता था। आज स्थानीय विधायक और सांसद मिलकर जनता की मांगों को धरातल पर उतार रहे हैं।" मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि फाजिलनगर का नाम बदलकर ‘पावागढ़’ करने का प्रस्ताव सरकार की ओर से रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भगवान महावीर को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से लिया जा रहा है।

सीएम ने कहा, "फाजिलनगर अब फाजिलनगर नहीं रहेगा। इसे पावागढ़ के नाम से नई पहचान दी जाएगी। पावागढ़ की परंपरा, संस्कृति और भगवान महावीर की विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाया जाएगा।" कुशीनगर कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर जाएंगे, जहां वह 20.35 करोड़ रुपये की लागत से चिलुआताल पर्यटन विकास परियोजना से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का उद्घाटन करेंगे। इससे क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।