Breaking News

अमेरिका ने ईरान की सेना को पूरी तरह से तबाह कर दिया है: ट्रंप     |   मशहूर सिंगर आशा भोसले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती     |   इराकी संसद ने निजार अमेदी को देश का नया राष्ट्रपति चुना     |   लेबनान के पीएम ने वॉशिंगटन यात्रा स्थगित की     |   ईरान की बड़ी शर्त, कहा- बेरूत पर हमले रुके तभी होगी US से बात     |  

सीएम सिद्धारमैया ने बेंगलुरू में सिलेंडर विस्फोट घटनास्थल का किया दौरा, 5 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की

Karnataka: बेंगलुरू में शुक्रवार को एक सिलेंडर फटने से 10 वर्षीय लड़के की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। घटना मध्य बेंगलुरु के विल्सन गार्डन के घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके चिन्नायनपाल्या में हुई। अदु गोदी थाने की पुलिस ने बताया कि घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘बचाव कार्य अब भी जारी है।’’

दमकल विभाग के सूत्रों के अनुसार, सिलेंडर फटने के कारण 8-10 मकान ढह गए। आशंका है कि सिलेंडर से गैस का रिसाव होने के कारण विस्फोट हुआ। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने घटनास्थल का दौरा किया। पत्रकारों से बात करते हुए, शहर के पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि जिस मकान में विस्फोट हुआ, वहां तीन सदस्यों वाला एक परिवार किराए पर रहता था।

कुमार ने कहा, ‘‘वह व्यक्ति मज़दूरी करता है और हमेशा की तरह सुबह जल्दी काम पर निकल गया था। घर पर माँ और बच्चा थे जो विस्फोट में घायल हो गए। लेकिन जिस लड़के की मौत हुई, वह पड़ोस के घर में था।’’

उन्होंने बताया कि पुलिस नियंत्रण कक्ष को सुबह करीब 8:30 बजे फोन आया और विस्फोट की जानकारी मिली। सिंह ने कहा, ‘‘हमने तुरंत बम निरोधक दस्ते, आतंकवाद निरोधी दस्ते, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को सूचित किया।’’ सिंह के अनुसार, तीन से चार घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और लगभग छह से सात घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

उन्होंने बताया कि इलाके के कुछ घरों की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हो गए। कुमार ने कहा, ‘‘हम क्षतिग्रस्त घरों को साफ कर रहे हैं, जाँच जारी है। अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि विस्फोट का असली कारण क्या था।’’