भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने गुरुवार को बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इन तीनों सीटों पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के बाद खाली हुई है। उन्हें धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद विधानसभा की सदस्यता से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। 2023 के विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को हराया था।
इसके अलावा, बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे के कारण खाली हुई है। वहीं, गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट भाजपा विधायक योगेशभाई नरनदास पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई है। निर्वाचन आयोग ने बताया कि जिन जिलों में ये विधानसभा क्षेत्र आते हैं, वहां आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
आयोग ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त संख्या में मशीनें उपलब्ध करा दी गई हैं और शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के सभी इंतजाम किए गए हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 जुलाई है। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 16 जुलाई तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।