Breaking News

लाल सिंह आर्या BJP के किसान मोर्चा के प्रभारी बने, सतीश पूनिया के जिम्मे ST मोर्चा     |   BJP ने पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा और वैजयंत पांडा को OBC मोर्चा का प्रभार सौंपा     |   UP सरकार की योजनाओं में बढ़ा AI का इस्तेमाल, पेंशन-छात्रवृत्ति पर भी निगरानी     |   गुजरात: फायर डिपार्टमेंट ने अब तक 11 लोगों को बचाया     |   दुर्गा पूजा समारोह के लिए बुक होगा ईडन गार्डन्स, सरकार ने CAB को लिखा पत्र     |  

BRICS Summit 2026: दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 15 हजार पुलिसकर्मी और 200 पैरामिलिट्री कंपनियां तैनात

18वें BRICS Summit को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले इस शिखर सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिए करीब 15 हजार पुलिसकर्मियों और लगभग 200 कंपनियों की पैरामिलिट्री फोर्स को तैनात किया है।

भारत इस बार 18वें BRICS Summit की मेजबानी कर रहा है। सम्मेलन की थीम “Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability” रखी गई है। विदेशी मेहमानों की सुरक्षा और उनकी आवाजाही को देखते हुए दिल्ली में कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दिल्ली पुलिस के स्पेशल कमिश्नर (प्रोटेक्टिव/सिक्योरिटी डिवीजन) मनीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई सरकारी और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर विस्तृत प्लान तैयार किया गया है। एयरपोर्ट, विदेशी मेहमानों के होटल, भारत मंडपम और उन जगहों पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है, जहां निर्धारित या अचानक बैठकें हो सकती हैं।

सुरक्षा व्यवस्था में एंट्री कंट्रोल, पहचान की जांच, निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के इंतजाम किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति में जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए भी व्यवस्था तैयार रखी गई है। मनीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि BRICS Summit में चीन, रूस, ब्रिटेन और मिस्र समेत कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल पहुंचने की उम्मीद है। उनकी सुरक्षा, आवाजाही और ठहरने को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, वाणिज्य मंत्रालय, NSG, इंटेलिजेंस ब्यूरो और विभिन्न केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस ने पड़ोसी राज्यों के साथ भी अंतरराज्यीय समन्वय बैठकें की हैं। खुफिया इनपुट, सीमा सुरक्षा और पुलिस बल व अन्य संसाधनों की आवाजाही को लेकर राज्यों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मिलने वाली हर महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था में खुफिया जानकारी जुटाने और किसी भी संभावित खतरे को पहले ही रोकने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। VVIP मूवमेंट को देखते हुए दिल्ली के कई इलाकों में अस्थायी ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने इन व्यवस्थाओं को लेकर पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर पढ़ें और निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करें।

मनीष कुमार अग्रवाल ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य आम लोगों को कम से कम परेशानी देते हुए BRICS Summit को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराना है। DCP नई दिल्ली सचिन शर्मा ने बताया कि नई दिल्ली इलाके के अलग-अलग सेक्टरों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए मॉक ड्रिल भी कराई गई हैं और CCTV कैमरों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि किसी भी संभावित खतरे का पता लगाने के लिए तकनीकी उपकरण लगाए गए हैं। पुलिस और विभिन्न एजेंसियों के बीच बैठकें भी की गई हैं, ताकि BRICS Summit के दौरान सुरक्षा में किसी तरह की कमी न रहे।