Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

MP News: बीजेपी नेत्री ने दृष्टिबाधित महिला से की अभद्रता, पार्टी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

MP News: मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक दृष्टिबाधित महिला से विवाद के दौरान अशोभनीय टिप्पणी करने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी महानगर उपाध्यक्ष अंजू भार्गव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

बीजेपी के जबलपुर महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर की ओर से जारी नोटिस में अंजू भार्गव से सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि भार्गव ने एक दृष्टिबाधित महिला से विवाद के दौरान अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया और एक जिम्मेदार पदाधिकारी से ऐसे व्यवहार और कृत्य की कल्पना नहीं की जा सकती।

जबलपुर के गोरखपुर क्षेत्र स्थित एक चर्च परिसर में 20 दिसंबर को क्रिसमस के उपलक्ष्य में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें दृष्टिबाधित लोगों को आमंत्रित किया गया था। इस कार्यक्रम को लेकर कुछ हिंदू संगठनों ने जबरन मतांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया था।

इसी दौरान परिसर में मौजूद एक दृष्टिबाधित महिला और अंजू भार्गव के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हो गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भार्गव कथित रूप से दिव्यांग महिला से बहस करते हुए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग करती हुई दिखाई दे रही हैं।

कांग्रेस के कई नेताओं ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बीजेपी की कड़ी आलोचना की और अंजू भार्गव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।