Breaking News

9/11 हमले के 25 साल, मृतकों को श्रद्धांजलि, पीड़ित परिवारों के साथ खड़े: PM मोदी     |   ‘आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत सबसे आगे’, 9/11 हमले की बरसी पर बोले PM मोदी     |   महेश बाबू, राजामौली, VVS लक्ष्मण, साइना नेहवाल को SIR प्रक्रिया के तहत नोटिस जारी     |   UP के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गड्ढा-मुक्त सड़कों को लेकर लखनऊ में बैठक की     |   BRICS Summit के लिए दिल्ली पहुंचे पुतिन, पालम एअरपोर्ट पर उतरा राष्ट्रपति का विमान     |  

कर्नाटक: बीजेपी नेता के बेटे ने दिखाई दबंगई, टोल बूथ कर्मचारी को पीटा

कर्नाटक में विजयपुरा-कलबुर्गी राजमार्ग के एक टोल बूथ पर भुगतान करने के लिए कहने पर भारतीय जनता पार्टी के एक नेता के बेटे और उसके दोस्तों ने वहां के एक कर्मचारी के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज की। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और सोशल मीडिया मंचों पर साझा की जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह घटना कथित तौर पर कन्नोली में गुरुवार को हुई। उसने बताया कि सोशल मीडिया पर आए वीडियो में बीजेपी नेता विजुगौड़ा पाटिल का बेटा समर्थगौड़ा और उसके दोस्त टोल बूथ कर्मचारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, समर्थगौड़ा और उसके दोस्त एक वाहन में विजयपुरा से सिंदगी जा रहे थे। जब उन्हें टोल बूथ पर रोका गया और टोल देने के लिए कहा गया तो समर्थगौड़ा ने कथित तौर पर कर्मचारी से कहा, "क्या तुम जानते हो मैं कौन हूं? मैं बीजेपी नेता विजुगौड़ा पाटिल का बेटा हूं।"

उसने बताया कि जब कर्मचारी ने कथित तौर पर पूछा, "कौन विजुगौड़ा?" तो समर्थगौड़ा और उसके दोस्तों ने कर्मचारी के साथ मारपीट की और दुर्व्यवहार किया, जैसा कि वीडियो में देखा जा सकता है। टोल बूथ के अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव करके स्थिति को बिगड़ने से रोका।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में टोल कर्मचारी संगप्पा घायल हो गया और उसे सिंदगी तालुका अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "हमें इस संबंध में टोल कर्मचारियों से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है।"