Andhra Pradesh: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में गठबंधन सरकार ने पिछले दो वर्षों में युवजन श्रमिका रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) सरकार द्वारा छोड़ी गई चुनौतियों और संकटों से पार पाते हुए कल्याण, विकास और सुशासन सुनिश्चित किया है।
टीडीपी, जन सेना और बीजेपी के एनडीए गठबंधन ने 2024 के आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की। गठबंधन ने कुल 175 में से 164 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत प्राप्त किया, जबकि वाईएसआरसीपी सिमटकर केवल 11 सीटों पर रह गई।
उन्होंने एक्स पर कहा, "आज इस जन-सरकार के सत्ता संभालने के पूरे दो साल हो गए हैं, जिसे पांच करोड़ लोगों का भारी भरोसा हासिल है। पिछली सरकार चुनौतियों, संकटों और अनसुलझे मुद्दों की विरासत छोड़ गई थी, लेकिन हमने उन सभी से पार पाते हुए कल्याण, विकास और सुशासन सुनिश्चित किया है।"
मुख्यमंत्री ने कहा, "हम इस विश्वास के साथ काम करते हैं कि सत्ता एक ज़िम्मेदारी है और शासन में बैठे लोग असल में जनता के सेवक होते हैं। हमारा एजेंडा हर नागरिक, हर परिवार और समाज के हर वर्ग की सफलता और भलाई पर केंद्रित है, उनकी उम्मीदों और आकांक्षाओं को पूरा करके हम राज्य के भविष्य का रास्ता बना रहे हैं।"
टीडीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। नायडू ने कहा, "सरकार के दो साल पूरे होने पर मैं राज्य के विकास के हर कदम पर अटूट समर्थन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आध्र प्रदेश के लोगों की ओर से आभार व्यक्त करता हूं। केंद्र सरकार के सहयोग और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की साझेदारी से हम 'स्वर्णंध्र' (सुनहरे आंध्र) की ओर बढ़ रहे हैं।"
नायडू ने पिछले दो वर्षों में सरकार का साथ देने के लिए राज्य की जनता का भी धन्यवाद किया और भविष्य में और अधिक कल्याणकारी और विकास कार्यक्रमों को लागू करने के लिए उनसे निरंतर समर्थन और सहयोग की अपील की।