नोएडा पुलिस ने चार पहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए छह शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना सेक्टर-39 पुलिस और नोएडा सर्विलांस टीम ने सेक्टर-82 कट के पास की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की कारें, घटना में प्रयुक्त एक हुंडई ओरा कार, दो फर्जी नंबर प्लेट और कार चोरी में इस्तेमाल होने वाले अत्याधुनिक उपकरण बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समीर उर्फ दाऊद उर्फ कुंजा (33 वर्ष) निवासी संभल, उत्तर प्रदेश; सालिम (38 वर्ष) निवासी संभल; आजाद (56 वर्ष) निवासी दिल्ली; सलीम (45 वर्ष) निवासी संभल; मोहसीन (38 वर्ष) निवासी जोधपुर, राजस्थान और मोहम्मद फैसल (23 वर्ष) निवासी जोधपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी टैक्सी के रूप में चल रही हुंडई ओरा कार से दिन-रात रेकी करते थे और की-प्रोग्रामर व जीपीएस जैमर की मदद से नोएडा, दिल्ली, एनसीआर और अन्य राज्यों से कारें चुराकर राजस्थान व हरियाणा के मेवात क्षेत्र में बेच देते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।