Breaking News

'हम किसी के विरुद्ध नहीं, सबके साथ हैं': PM मोदी     |   आनंद कुमार के बेटों पर मायावती का बड़ा फैसला, BSP में नहीं मिलेगी जगह     |   BRICS समिट 2026: शी जिनपिंग ने ग्रुप से ग्लोबल शांति में अहम भूमिका निभाने को कहा     |   BRICS समिट में नई दिल्ली घोषणा पत्र को मंजूरी, PM मोदी बोले- सर्वसम्मति से अपनाया गया     |   PM मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने पर बीजेपी विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी     |  

Gujarat: एटीएस ने वापी से 30 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ जब्त किया, एक गिरफ्तार

Gujarat: गुजरात पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने वलसाड जिले के वापी में एक घर से करीब छह किलोग्राम मेफेड्रॉन जब्त कर इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। बरामद नशीले पदार्थ की कीमत 30 करोड़ रूपये आंकी गयी है। कानून प्रवर्तन एजेंसी ने शुक्रवार को ये जानकारी दी।

गुजरात एटीएस ने बताया कि बृहस्पतिवार को दमन अपराध शाखा के साथ मिलकर चलाए गए एक संयुक्त अभियान में उसने केंद्र शासित प्रदेश दमन, दीव और दादरा के पड़ोसी दमन जिले में एक फार्महाउस से 300 किलोग्राम कच्चा माल और प्रतिबंधित सामान बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण भी जब्त किए।

एटीएस ने बताया कि उसे सूचना मिली थी कि आरोपी मेहुल ठाकुर, विवेक राय और मोहनलाल पालीवाल दमन के पास एक फार्महाउस में प्रतिबंधित सामान तैयार कर रहे हैं और इसे वापी के चाला रोड इलाके में मनोज सिंह ठाकुर नामक व्यक्ति के घर में रख रहे हैं।

उसने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर दमन अपराध शाखा और वलसाड स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के साथ एक संयुक्त अभियान चलाया गया और वापी में बंगले और मोती दमन में फार्महाउस पर छापेमारी की गई।

एटीएस ने बताया कि जब्त किए गए 5.9 किलोग्राम मेफेड्रोन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 30 करोड़ रुपये है। पुलिस ने बताया कि पालीवाल को बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाकी दो आरोपी वापी निवासी मेहुल ठाकुर और राय फरार हैं।