Breaking News

गंगा के बढ़ते जलस्तर पर एक्शन मोड में बिहार सरकार, CM सम्राट चौधरी ने दिया निर्देश     |   अमेरिकी दूत विटकॉफ और कुशनर मॉस्को पहुंचे, रूस-यूक्रेन के बीच शांति की पहल करेंगे     |   झीरम घाटी माओवादी हमला: छत्तीसगढ़ की NIA कोर्ट ने सभी 10 आरोपियों को दोषी ठहराया     |   दिल्ली की मुख्यमंत्री ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया     |   रूस: अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि विटकॉफ और कुशनर के साथ बातचीत करेंगे पुतिन     |  

सतना में ‘सीवर लाइन’ की सफाई करते समय एक सफाई कर्मचारी की मौत, दो की हालत गंभीर

Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश के सतना में गुरुवार को भूमिगत ‘सीवर लाइन’ की सफाई करते समय जहरीली गैस के कारण दम घुटने से एक सफाई कर्मचारी की मौत हो गई और दो अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। कोलगवां के थाना प्रभारी (एसएचओ) सुदीप सोनी ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना दोपहर 12 बजे कृपालपुर इलाके में त्रिवेणी पैलेस के पास हुई।

सोनी ने बताया,‘‘तीनों कर्मचारी सीवर लाइन के अंदर बेहोश हो गए। स्थानीय निवासी मदद के लिए आए तथा ऑक्सीजन की सुविधा वाली एम्बुलेंस भी बुलायी गयी। लोग रस्सियों के सहारे सीवर में उतरे और तीनों को बाहर निकाला। सफाईकर्मी अमित कुमार की मौत हो गई। अन्य दो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।’’

महापौर योगेश ताम्रकार नगर निगम के अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर गए, जबकि उप-मंडल दंडाधिकारी राहुल सिलाडिया ने उस अस्पताल का दौरा किया जहां दोनों कर्मचारी भर्ती हैं। अधिकारी ने बताया कि सफाई कार्य जिस कंपनी को सौंपा गया था उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है और मामले की जांच की जा रही है।