Breaking News

लद्दाख की मांगों पर सोनम वांगचुक ने तय की डेडलाइन     |   IRCTC केस में लालू परिवार पर 10 सितंबर को फैसला     |   बिहार में गंगा का जलस्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर, 12 जिलों में 22.42 लाख लोग प्रभावित     |   दिल्ली: सत्य निकेतन हादसे में बिल्डिंग मालिक की तलाश में 10 पुलिस टीमें गठित     |   दिल्ली सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसा: एक और शव बरामद, मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हुई     |  

Jharkhand: बीजेपी के 18 विधायक विधानसभा से निलंबित, मार्शलों की मदद से बाहर निकाला गया

झारखंड में बीजेपी के 18 विधायकों को गुरुवार को अशोभनीय आचरण के लिए दो अगस्त दोपहर दो बजे तक के लिए विधानसभा से निलंबित कर दिया गया। सदन से जाने से इनकार करने के बाद उन्हें मार्शलों की मदद से बाहर निकाला गया। 

विधानसभा अध्यक्ष रबींद्र नाथ महतो ने एक दिन पहले मार्शलों के विपक्षी विधायकों को बाहर निकाले जाने के विरोध में सदन में हंगामा करने के बाद बीजेपी सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की। ये विपक्षी विधायक बुधवार को रोजगार समेत विभिन्न मुद्दों पर उनके प्रश्नों का जवाब देने से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इनकार के खिलाफ आसन के सामने प्रदर्शन कर रहे थे। 

विपक्ष के नेता अमर बाउरी ने आरोप लगाया कि झारखंड में तानाशाही है। बीजेपी विधायक सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले आसन के समीप आ गए और उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का इस्तीफा मांगते हुए नारे लगाए। उन्हें आसन के सामने कुछ दस्तावेजों को फाड़ते हुए भी देखा गया। सत्र शुरू होने से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों को बहस करते हुए भी देखा गया। 

हंगामा जारी रहने पर महतो ने बीजेपी के 18 विधायकों को निलंबित कर दिया। जब उन्होंने निलंबित होने के बाद भी सदन से बाहर जाने से इनकार कर दिया तो अध्यक्ष ने मार्शलों को बुलाया जिन्होंने विपक्षी सदस्यों को बाहर निकाला।