Breaking News

लेबनान को संघर्ष-विराम में शामिल करे अमेरिका: ईरान के विदेश मंत्री     |   हुमायूं कबीर की पार्टी AUJP के बंगाल अध्यक्ष खोबायेब अमीन ने पद से इस्तीफा दिया     |   एचएएल ने भारतीय तटरक्षक बल को चार ALH Mk III मैरीटाइम रोल हेलीकॉप्टर सौंपे     |   बंगाल चुनाव: ममता दीदी अब जाने की तैयारी करें, इस उम्र में प्रचार मत करिए- अमित शाह     |   ‘उम्मीद है कि ईरान संग सार्थक बातचीत होगी’, PAK जाने से पहले बोले US उपराष्ट्रपति     |  

400 किलो RDX के साथ 14 ‘आतंकवादी’ शहर में घुसे, धमकी भरी मैसेज के बाद मुंबई पुलिस सतर्क

Maharashtra: मुंबई यातायात पुलिस नियंत्रण कक्ष को एक संदेश मिला है जिसमें दावा किया गया है कि 14 आतंकवादी 400 किलोग्राम आरडीएक्स के साथ शहर में घुस आए हैं और उन्होंने इसे वाहनों में रख दिया है, इसके बाद से पुलिस सतर्कता बरत रही है।

एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गणेश उत्सव के 10वें दिन अनंत चतुर्दशी के लिए पुलिस सुरक्षा इंतजाम कर रही है, इस बीच यातायात पुलिस नियंत्रण कक्ष को गुरुवार को व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर धमकी भरा संदेश मिला। उन्होंने बताया कि अपराध शाखा ने धमकी भरे संदेश की जांच शुरू कर दी है और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) तथा अन्य एजेंसियों को भी सूचित कर दिया गया है।

अधिकारी ने बताया कि संदेश भेजने वाले ने इसमें ‘लश्कर-ए-जिहादी' नामक संगठन का नाम लिखा है। उसने दावा किया कि 14 आतंकवादी शहर में घुस आए हैं और उन्होंने 34 वाहनों में 400 किलोग्राम आरडीएक्स रखा है, जिससे ‘देश दहल जाएगा’।

मुंबई में 10 दिवसीय गणेश उत्सव मनाया जा रहा है और पुलिस शनिवार को अंतिम दिन शहर की सड़कों पर उमड़ने वाली भीड़ के लिए सुरक्षा व्यवस्था कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि यह संदेश किसने भेजा है, साथ ही वह किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठा रही है।

अधिकारी ने कहा कि प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और विभिन्न स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुंबईवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है।