Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

तिलक वर्मा की ‘ग्रोइन’ की सर्जरी हुई, न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी सीरीज में खेलना मुश्किल

IND vs NZ: भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा की ‘ग्रोइन’ की चोट की सर्जरी हुई है जिसके कारण उनका न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला से बाहर रहना तय है। उनका अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप के शुरुआती मैचों में भी खेलना संदिंग्ध है। इस 23 साल के खिलाड़ी को राजकोट में तेज दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया। वे विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय चैंपियनशिप के लिए हैदराबाद टीम के साथ राजकोट में हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला 21 जनवरी से नागपुर में शुरू होगी।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘विजय हजारे टूर्नामेंट के लिए हैदराबाद की टीम के साथ राजकोट में खेल रहे तिलक वर्मा ने अपने अंडकोष में तेज दर्द की शिकायत की। उन्हें तुरंत ही गोकुल अस्पताल ले जाया गया, जहां स्कैन करने पर अंडकोष में मरोड़ (अचानक तेज दर्द) का पता चला और तत्काल सर्जरी करने की सलाह दी गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने अपने विशेषज्ञों से राय ली और वे भी इस बात से सहमत थे। तिलक की सर्जरी सफल रही और अब वह ठीक है। चिकित्सा पैनल के साथ चर्चा के बाद जैसे ही हमें उनके स्वास्थ्य में सुधार और खेल में उनकी वापसी के संभावित समय के बारे में जानकारी मिलेगी, हम आपको सूचित कर देंगे।’’

विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि तिलक वर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे। इसके बाद भारत और श्रीलंका में सात फरवरी से टी20 विश्व कप खेला जाएगा। इसका पहला मैच भारत और अमेरिका के बीच मुंबई में होगा। भारत अपना दूसरा मैच 12 फरवरी को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ खेलेगा।