Breaking News

रोहित शेट्टी के घर फायरिंग का जिम्मेदार हैरी बॉक्सर अमेरिका में हिरासत में     |   गाजियाबाद पुलिस चौकी के अंदर धमाका, 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान' ने ली जिम्मेदारी     |   दिल्ली में प्रदूषण का असर, कक्षा 5वीं तक के स्कूलों में हाइब्रिड क्लास का आदेश     |   गुजरात: नवसारी में प्लास्टिक की दुकान में लगी आग     |   होर्मुज के पास ईरान का बड़ा एक्शन! अमेरिकी MQ-9 रीपर ड्रोन मार गिराने का दावा     |  

सुदीरमन कप फाइनल्स में भारत की चुनौती पेश करेंगे सिंधू और सेन

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधू और दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य सेन चीन में 27 अप्रैल से चार मई तक होने वाले सुदीरमन कप बैडमिंटन फाइनल्स में भारत की चुनौती पेश करेंगे। अपनी विश्व रैंकिंग के आधार पर भारत ने इस प्रतिष्ठित मिश्रित टीम चैम्पियनशिप के लिये क्वालीफाई किया है। भारत को ग्रुप डी में पूर्व चैम्पियन इंडोनेशिया, दो बार के उपविजेता डेनमार्क और एक इंग्लिश टीम के साथ रखा गया है।

भारत की 14 सदस्यीय टीम में सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भी चोट से उबरकर वापसी हुई है। महिला युगल में गायत्री गोपीचंद और त्रिसा जॉली फिटनेस कारणों से नहीं खेलेंगी । उनकी जगह प्रिया कोंजेंगबम और श्रुति मिश्रा महिला युगल वर्ग में उतरेंगे । वहीं पुरूष युगल में सात्विक और चिराग के बैकअप के तौर पर हरिहरन ए और रूबेन कुमार को रखा गया है।

भारतीय बैडमिंटन संघ के महासचिव संजय मिश्रा ने एक विज्ञप्ति में कहा,‘‘चयनकर्ताओं ने सर्वश्रेष्ठ टीम चुनी है । हम जीत के लिये एक या दो मुकाबलों पर निर्भर नहीं है । हमें यकीन है कि यह टीम पदक जीतकर इतिहास रचेगी।’’ सेन के अलावा पुरूष एकल में एच एस प्रणय भी होंगे जबकि महिला एकल में सिंधू के साथ दुनिया की 45वें नंबर की खिलाड़ी अनुपमा उपाध्याय उतरेंगी। मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो चुनौती पेश करेंगे ।