Breaking News

मिडिल ईस्ट में अब बैंक और वित्तीय संस्थान हमारे निशाने पर, युद्ध के बीच ईरान का ऐलान     |   जयशंकर ने दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री संग बैठक में मिडिल ईस्ट संघर्ष पर की चर्चा     |   'पहली बार नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया', लोकसभा में बोले राहुल गांधी     |   ईरान जंग में PM मोदी ने इज़रायल और ईरान का पक्ष लिया: अरविंद केजरीवाल     |   हरीश राणा की 'इच्छामृत्यु' को सुप्रीम कोर्ट ने दी मंजूरी     |  

अमेरिका के तेल टैंकर एस्कॉर्ट के दावे से बाजार में उतार-चढ़ाव, व्हाइट हाउस ने दी सफाई

पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के बीच एक सोशल मीडिया पोस्ट ने वैश्विक तेल बाजार में अचानक हलचल मचा दी। अमेरिका के ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने दावा किया कि अमेरिकी नौसेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे एक तेल टैंकर को सुरक्षा देते हुए एस्कॉर्ट किया है, ताकि दुनिया तक तेल की आपूर्ति जारी रह सके।

कुछ घंटों बाद, व्हाइट हाउस ने सफाई दी कि किसी भी तेल टैंकर को एस्कॉर्ट नहीं किया गया है। प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि ऊर्जा मंत्री के एक्स अकाउंट से जो वीडियो पोस्ट किया गया था, उसे विभाग के कर्मचारियों ने गलत कैप्शन के साथ साझा कर दिया था, इसलिए उसे हटा दिया गया।

होर्मुज जलडमरूमध्य ओमान और ईरान के बीच स्थित है और यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है। यह दुनिया में तेल आपूर्ति के लिए सबसे महत्वपूर्ण संकरे मार्गों में से एक है। इस रास्ते दुनिया के 20 फीसदी तेल का परिवहन होता है।

डिलीट की गई पोस्ट ने कुछ समय के लिए वैश्विक बाजार में उथल-पुथल मचा दी। इससेे तेल की कीमतें गिर गईं क्योंकि व्यापारियों को लगा कि अमेरिका टैंकरों की सुरक्षा कर रहा है, जिससे ईरान के साथ युद्ध के बावजूद तेल का प्रवाह सुनिश्चित हो रहा है।

लेकिन जैसे ही दावे को वापस लिया गया, कीमतों में फिर से उछाल दिखा। इस बीच, अभी खाड़ी में करीब 400 तेल टैंकर इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि व्यापारी और सरकारें इस बात पर करीब से नजर रख रही हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य में आगे क्या होता है।